सालों से विवादों में रहीं 40 से ज्यादा ऐसी गृह निर्माण संस्थाएं जहां रिसीवर नियुक्त हैं, उनके चुनाव जल्द होंगे। इसी कड़ी में सबसे देवी अहिल्या श्रमिक कामगार गृह निर्माण सहकारी संस्था को लिया गया है। हाल ही में प्रशासन ने इस संस्था के सौ से ज्यादा सदस्यों को अलग-अलग अवधि में उनके प्लॉटों के कब्जे दिलाए हैं। इसी तरह अब अन्य संस्थाओं के भी चुनाव कराए जाएंगे ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
देवी अहिल्या सहित ऐसी कई संस्थाएं हैं जिन्होंने बड़े पैमाने पर घोटाले किए जिसके चलते सालों पहले संचालक मंडल को भंग कर वहां रिसीवर की नियुक्ति की गई है। दूसरी ओर समय-समय पर पुलिस ने इन संस्थाओं के पदाधिकारियों व इनसे जुड़े भू माफियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की खास बात यह कि इस साल भी कार्रवाई हुई और मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सालों से दर-दर की ठोकरें खा रहे सदस्यों को उनके प्लॉट मिलना शुरू हुए।
देवी अहिल्या श्रमिक कामगार संस्था के मामले में जिला प्रशासन ने हाल ही 100 से ज्यादा पीड़ितों को महालक्ष्मी नगर के सेक्टर ‘ए’ और ‘बी’ में प्लॉटों का कब्जा दिलवाया था जबकि अभी भी कई सदस्य बाकी हैं। इसके सहित अन्य संस्थाओं के पीड़ितों के लिए पिछले हफ्ते फिर से कैंप लगाए जाने थे लेकिन कुछ कारणों के चलते नहीं लगाए जा सकें।


