इंदौर न्यूज़. रविवार को इंदौर के बाणगंगा इलाके में जिस चूड़ी वाले की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था, उसके पास दो आधार कार्ड मिले थे। इंदौर पुलिस इसकी जांच के लिए उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम पहुंची। यहां पता चला कि तस्लीम उर्फ अस्लीम नाम के युवक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए दो आधार कार्ड बनवाए थे। इसके अलावा, आरोपी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी करवाई गई। इसके बाद उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
इंदौर पुलिस ने तस्लीम के परिवार से जब बातचीत की, सामने आया, कुछ सालों पहले तस्लीम को प्रधानमंत्री आवास योजना से मकान का आवंटन हुआ था। उस वक्त मकान तस्लीम की जगह अस्लीम नाम से आवंटित हो गया था। इस कारण युवक पहले आधार के नाम को सुधरवाना चाहता था, लेकिन उसे लगा कि इसमें समय लगेगा। इस कारण उसने एक अन्य आधार कार्ड अस्लीम के नाम से बनवा लिया। वर्तमान में तस्लीम को योजना का मकान आवंटित हो गया है। परिवार उत्तर प्रदेश के गांव में ही रहता है। हिरासत के दौरान पुलिस को उसने यह सभी जानकरी दी। उसने बताया कि उसे नहीं पता था कि नाम में गड़बड़ी के कारण ऐसा हो जाएगा।

