इस भव्य कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना की हमारी बेटियां कॉलेज में एडमिशन लेंगी, तो 25 हजार रूपये अलग से दिये जायेंगे। सीएम ने कहा कि आज मुझे कहते हुए खुशी है कि हमने लाड़लियों के कल्याण के लिए 47 हजार 200 करोड़ रुपए सुरक्षित रख दिए हैं, जो समय-समय पर इन्हें मिलना है। भाव यही था कि बेटियां बोझ न बनें, वरदान बन जाएं। यह केवल योजना नहीं है, समाज की दृष्टि बदलने का प्रयास है। इसी के साथ सीएम ने लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0’ को बेहतर बनाने के लिए http://mp.mygov.in पर सुझाव भी मांगे हैं।
राजधानी में आयोजित ‘लाडली लक्ष्मी उत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन से हुआ। इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरु, कवयित्री और प्रखर वक्ता आनंदमूर्ति गुरु मां की प्रदेश की 21,550 लाड़लियों को 5.99 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति का अंतरण किया गया। सीएम शिवराज ने कहा कि “मैं मानता हूं कि मेरी बेटियों में देवी माता का वास है, मेरी बहनों में देवी माता का वास है। आप सबमें देवी माता का वास है। मैं समस्त शक्ति स्वरूपा मां, बहन, बेटियों को महानवमी के पावन अवसर पर प्रणाम करता हूं। मैंने तय किया कि ऐसी योजना बने, जिससे बेटी बोझ न मानी जाए, इससे ही लाडली लक्ष्मी योजना अस्तित्व में आई। इस योजना के लिए हमने 47 हज़ार 200 करोड़ रुपए सुरक्षित कर दिया है।”


