Sports News – Women’s Asia Cup Hockey: भारतीय महिलाओं का कमाल, चीन को हराकर ब्रॉन्ज मेडल पर किया कब्जा

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

Sports News. पिछली बार की चैम्पियन भारतीय टीम ने शुक्रवार को चीन को 2-0 से हराकर महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

Women’s Asia Cup Hockey: पिछली बार की चैम्पियन भारतीय टीम ने शुक्रवार को चीन को 2-0 से हराकर महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया से सेमीफाइनल में मिली निराशा को पीछे छोड़ते हुए पहले दो क्वार्टर में नियंत्रण बनाए रखा और इसी दौरान दो गोल कर दिये, जिससे मध्यांतर तक उसने चीन पर 2-0 तक बढ़त बना ली थी. हालांकि दूसरे हाफ में टीम कोई गोल नहीं कर सकी.

भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की और दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, जिसमें से एक में शर्मिला देवी ने 13वें मिनट में अपनी टीम को बढ़त दिला दी. गुरजीत कौर के फ्लिक को चीन की रक्षात्मक पंक्ति ने रोक दिया और इसके रिबाउंड पर शर्मिला ने गोल दाग दिया.

भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी इसी लय में खेलना जारी रखा. भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार सेंध लगाकर चीन की रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बनाए रखा और फिर 19वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया. गुरजीत ने शानदार ड्रैग फ्लिक से इसे गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया.

चीन ने भी जवाब देते हुए एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने इसे शानदार तरीके से नाकाम कर दिया. दो गोल से पिछड़ने के बाद चीन की टीम छोर बदलने के बाद काफी आक्रामक हो गयी और उसने भारतीय रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सकीं.

चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारतीयों ने दबाव तो बना लिया था, पर वे कोई भी सटीक मौका ढूंढने में सफल नहीं हो सकीं. चीन ने निर्धारित समय से 10 मिनट पहले एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, पर भारतीयों ने अच्छा बचाव करते हुए इसे नाकाम कर दिया.

मैच के अंत में चीन ने लगातार कोशिश जारी रखीं और इसी प्रक्रिया में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर भी प्राप्त किये, लेकिन उसकी खिलाड़ी इनका फायदा नहीं उठा सकीं. अब जापान की टीम फाइनल में कोरिया से भिड़ेगी.

टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद कोविड-19 महामारी के कारण मैच अभ्यास की कमी का खामियाजा गत चैम्पियन भारत को भुगतना पड़ा, क्योंकि टीम महत्वपूर्ण मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के कारण खिताब की दौड़ से बाहर हो गयी.

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।