इंदौर. गुंडे-बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई लगातार हो रही है मगर बदमाशों में खौफ नजर नहीं आ रहा। बेखौफ बदमाशों के कारण शहरवासी दहशत में हैं।
ऐसा ही कुछ मंगलवार को जनसुनवाई में हुआ जब गुंडे-बदमाशों से परेशान एक महिला जनसुनवाई में जहर की पुड़िया लेकर पहुंच गई। उसने कहा कि अगर गुंडे-बदमाशों से मुक्ति नहीं दिलाई तो मैं जहर खा लूंगी।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हुई जनसुनवाई में द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की ऋषि नगर निवासी महिला निर्मला पहुंची। उसके हाथों में जहर की पुड़िया थी।
महिला ने रोते हुए अधिकारियों से कहा कि गुंडे-बदमाशों से परेशान हो गई हूं। बेटे इतने डरे हुए हैं कि रात तक घर नहीं आते हैं। बदमाशों के भय के कारण सभी दहशत में हैं। महिला ने गुहार लगाई कि साहब मुझे बदमाशों से मुक्ति दिलाइये, वरना मैं जहर खाकर जान दे दूंगी।
महिला के हाथों में जहर की पुड़िया देख अधिकारियों के होश उड़ गए और उसकी समस्या सुनकर संबंधित थाना प्रभारी से बात की। अधिकारियों ने महिला को आश्वस्त किया कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
इसके बाद महिला वहां से गई। हालांकि इस घटना ने इंदौर जैसे महानगर में पुलिस के सख्ती के दावों की पोल खोल दी। कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बावजूद बदमाशों में किसी तरह का खौफ नजर नहीं आ रहा।
हत्याएं आएदिन हो रही हैं तो दूसरी वारदातें भी नहीं थम रही। बुजुर्ग महिला की इस पीड़ा ने सवालिया निशान भी लगाए कि अगर पुलिस सख्ती कर रही है तो बदमाशों के हौसले बुलंद क्यों हो रहे हैं।

