इन्दौर। मध्य प्रदेश में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिये प्रदेश शासन निरंतर प्रयासरत है और विभिन्न पहल कर रही है। जपाईंगो संस्था द्वारा निजी और शासकीय चिकित्सकों की बैठक का आयोजन 6 अप्रैल को होटल समाजी में किया गया था। जिसमें शासकीय प्रतिनिधि के साथ एमवाय मेडिकल कॉलेज, फोग्सी संस्था, जपाईंगो, एमएसडी और मैटरनिटी फाउंडेशन के प्रतिनिधि शामिल हुये। जपाईंगो एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो निजी और शासकीय संस्थाओं को तकनीकी सहायता प्रदान करती है। इसी सहायता के अंतर्गत निजी और शासकीय चिकित्सकों के बीच में समायोजन हेतु एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. सैत्या ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में और देश के अन्य राज्यों में मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सेवाओं के गुणवत्ता में सुधार करना एवं समन्वय बढ़ाना है। बैठक में भोपाल से डॉ. अर्चना मिश्रा, उपसंचालक मातृस्वास्थ्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, डॉ. अर्चना वर्मा, महाप्रबंधक गुणवत्ता सुधार, उत्तरप्रदेश शासन और महाराष्ट्र शासन के प्रतिनिधियों ने सहभाग लिया। डॉ. मिश्रा ने निजी और शासकीय चिकित्सकों को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया और विभिन्न शासकीय उपक्रमों में निजी चिकित्सकों का सहभाग और उनको महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की जिसमें 9 तारीख को हर माह होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, लक्ष्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण और निजी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा डीएनबी व सीपीएस कोर्सेस में प्रशिक्षण देना इनका समावेश रहा।
डॉ. सैत्या ने निजी क्षेत्र और शासकीय चिकित्सालय के समन्वयन को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह समन्वयन मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए मददगार साबित होगा। उन्होंने निजी चिकित्सकों को आवाहन किया के वह शासन के स्वास्थ्य सम्बंधित उपक्रमों के साथ जुड़े और स्वास्थ्य सुधार हेतु प्रयत्न करे। डॉ. जयदीप टैंक चयनित अध्यक्ष, फोग्सी संस्था, इन्होने मातृ स्वास्थ्य सुधार हेतु दोनों सेवा प्रदाताओं को साथ में मिलकर प्रयास करने की बात की, और कहा की निजी चिकित्सक जो गुणवत्ता सुधार के लिए आगे आ रहे है वह इसको सकारात्मक दृष्टी से देखें। प्रदेश शासन की तरफ से निजी चिकित्सको को जोड़ने हेतु कुछ अच्छे प्रयास हो रहे हैं, उसी को और मजबूत किया जाये। एमएसडी फॉर मदर्स की संचालिका श्रीमती पोम्पी श्रीधर ने कहा कि निजी चिकित्सक हेतु मान्यता उपक्रम बहुत ही फलदायी साबित होगा जिसमें माता स्वास्थ्य सेवाओं के गुणवत्ता सुधार का महत्वपूर्ण प्रावधान है। जपाईंगो संस्था के संचालक डॉ सुरंजीन प्रसाद ने ऐसे समायोजन बैठकों को जिला स्तर पर ले जाने की योजना को सहभागियों से साझा किया। उन्होंने इन गतिविधियों को राज्य के अलग-अलग जिलों में अगल के हेतु अपने संस्था के सहयोग के बारे में आश्वस्त किया।

