-मेरा बस चले तो इन्हें छिंदवाड़ा ट्रांसफर कर दूँ
-कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी शुक्ला ने भरा नामांकन
इन्दौर। संजय शुक्ला सबसे बेहतर उम्मीदवार हैं। इनसे अच्छा उम्मीदवार नहीं हो सकता। मेरा बस चले तो इन्हें छिंदवाड़ा ट्रांसफर कर दूं। संजय ने कोरोना में अच्छा काम किया है। धार्मिक गतिविधियों से भी जुड़े हैं।
इंदौर के बेटे हैं। याद रखें यह नगर निगम, विधानसभा या लोकसभा का नहीं आपके भविष्य का चुनाव है।
यह बातें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इंदौर में कांग्रेस कार्यालय ‘गांधी भवन’ के बाहर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं।
कमलनाथ यहां कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला के समर्थन में आए थे। कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला दोपहर सवा 2 बजे नामांकन फॉर्म जमा करने कलेक्टर ऑफिस पहुंचे।
नामांकन कक्ष में उनके साथ पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विनय बाकलीवाल और वकील सौरभ मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि 15 साल बाद मुझे प्रदेश मिला तब प्रदेश में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी का बोलबाला था। जिस मेट्रो प्रोजेक्ट को भाजपा अपना बता रही है, केंद्र में मंत्री रहते हुए उसे हरी झंडी मैंने दी थी, भाजपा सिर्फ झूठे वादे करती है।
हर वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देकर विजयी बनाना है। मंदिर-मस्जिद की लड़ाई कराने से प्रदेश और देश का विकास नहीं हो सकता।
संजय शुक्ला के नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पुष्यमित्र भार्गव को भाजपा पता नहीं किस गुफा से निकाल कर लाई है। भाजपा ने अपनी पार्टी के एक प्रत्याशी का हक मारा है।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला ने कहा कि मैंने कोरोना के दौरान पूरे समय जनता के बीच जाकर सेवा की है। मेरे परिवार ने रोका फिर भी मैं नहीं रूका।
आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में मेरे नामांकन में इंदौर की जनता ने भारी जनसमर्थन जताया और जीत का आशीर्वाद दिया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पद्मश्री बाबूलाल पाटोदी के 102वी जयंती महोत्सव पर गोमटगिरी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।


