इन्दौर। इन्दौर शहर के व्यस्ततम भंवरकुआं चौराहे का नगर निगम द्वारा विकास कार्य किया जाना प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत चौराहे के चारों ओर लेफ्ट टर्न का भी निर्माण किया जायेगा। भंवरकुआं चौराहे के समग्र विकास की दृष्टि से जनहित में भंवरकुआं पुलिस थाने के नवीन भवन का निर्माण होने तक सुचारु रुप से उसके संचालन के लिये थाने को अस्थाई तौर पर क्रिस्टल आई.टी. पार्क के सामने स्थित कृषि विभाग के भवन में स्थानांतरित किया जायेगा। कलेक्टर मनीष सिंह के आदेशानुसार भवन अधिग्रहण करने के आदेश आज जारी कर दिये गये हैं।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी इन्दौर पवन जैन द्वारा इस संबंध में जारी आदेशानुसार प्रशासकीय सुविधा की दृष्टि से भंवरकुआं चौराहे के विकास कार्य हेतु भंवरकुआं थाने को खंडवा रोड पर क्रिस्टल आई.टी. पार्क के सामने स्थित कृषि विभाग के कृषक भवन’ में अस्थाई रूप से स्थानांतरित किये जाने की कार्रवाई की जायेगी।
जारी आदेशानुसार कृषि विभाग के उक्त ‘कृषक भवन’ के भू-तल पर स्थित 06 कमरों को भंवरकुआं थाने के सुचारू संचालन हेतु दिया जायेगा। नवीन भवन का किराया नगर निगम द्वारा कृषि विभाग को दिया जायेगा।
उक्त भवन अस्थायी तौर पर 06 माह / आगामी आदेश तक के लिए भंवरकुआं थाने को दिया जाएगा, जिसका संपूर्ण संधारण का कार्य यथा- बिजली बिल, साफ-सफाई, पानी आदि, नगर निगम द्वारा वहन किया जायेगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।

