एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व बॉक्सर नगंगोम डिंको सिंह का 42 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। साल 1998 में उन्होंने एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक जिताया था। डिंको सिंह बीते कुछ वर्षों से बीमार थे और उनके लीवर का इलाज चल रहा था। इस दौरान वह कोरोना संक्रमित भी हुए। लेकिन कोविड को मात देने के बाद भी डिंको सिंह जिंदगी से जंग हार गए। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री किरण रिजिजू सहित कई खिलाड़ियों ने गहरा दुख प्रकट किया।
पीएम मोदी ने डिंको सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर लिखा, डिंको सिंह सुपरस्टार थे। उनके जरिए बॉक्सिंग को लोकप्रियता और नई ऊंचाइयां मिलीं। उनके निधन से मैं बेहद दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।
[expander_maker id=”1″ more=”आगे पढ़े ” less=”Read less”]
डिंको सिंह ने साल 1998 में बैंकॉक एशियाई खेलों में अपना परचम लहराते हुए बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीता था। बॉक्सिंग में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए 1998 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं 2013 में डिंको सिंह को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। बीते साल डिंको सिंह की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद मणिपुर से उन्हें एयरलिफ्ट के जरिए इलाज के लिए दिल्ली लाया गया। उनके लीवर कैंसर का इलाज दिल्ली के आईएलबीएस में चल रहा था।
डिंको सिंह एक खिलाड़ी ही नहीं थे बल्कि वह प्रेरणा स्रोत भी थे। छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकॉम और एल सरिता देवी ने मुक्केबाजी की प्रेरणा उन्हीं से ली। डिंको सिंह भारतीय नौसेना में कार्यरत थे और वह कोच के तौर पर काम करते थे। पिछले कई वर्षों से बीमार होने की वजह से वह घर पर रह रहे थे।
[/expander_maker]