सुरनकोट (पुंछ): भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने पुंछ सेक्टर के सुरनकोट क्षेत्र में सीमा पर स्थित अग्रिम सैन्य इलाकों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति और चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान जीओसी को आतंकवाद विरोधी ग्रिड, खुफिया ढांचे और विभिन्न एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय की जानकारी दी गई, जो सुदूर क्षेत्रों पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखने के लिए बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। लाइन ऑफ़ कंट्रोल पर घुसपैठ के प्रयासों और क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई रणनीतियों की भी समीक्षा हुई। यहाँ पाठकों को यह जानना बेहद जरुरी है कि पाकिस्तान ने घुसपैठ की अपनी नीति में पिछले कुछ वर्षों में बदलाव किया है, अब वो आतंकियों को कश्मीर की बजाय जम्मू इलाके से घुसपैठ करवाता है। इसी बात के मद्देनजर जम्मू इलाके की सीमाओं की सतत निगरानी बेहद जरुरी है।
लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा ने कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों से सीधे संवाद किया। सैनिकों के उच्च मनोबल, अद्वितीय लड़ाकू तत्परता और देश की शांति व स्थिरता बनाए रखने के प्रति अटूट समर्पण देखकर उन्होंने उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से घिरे इस क्षेत्र में सतर्कता और अनुकूलनशीलता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
सेना में उच्च स्तरीय अधिकारियों के फील्ड विजिट केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि युद्धकला का अहम हिस्सा होते हैं। ये दौरे कमांडरों को वास्तविक मैदानी हालात का सही आंकलन करने, रणनीतियों को धरातल पर परखने और जवानों के बीच विश्वास का संचार करने का अवसर देते हैं। खासकर जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में जहां दुश्मन हाइब्रिड युद्ध की रणनीति अपना रहा है, ऐसे दौरे पूरे तंत्र को एकजुट और सजग रखते हैं।
व्हाइट नाइट कोर के जवानों का मंत्र है– ‘सतर्क, अनुकूलनीय और हमेशा तैयार’। लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा का यह दौरा पूरे कोर के उस अडिग संकल्प को दर्शाता है कि हम अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अथक प्रयासरत रहेंगे। कोई भी ताकत इलाके की शांति भंग नहीं कर पाएगी और सीमा के अंदर घुसना तो दूर, उसके आसपास भी नहीं फटक पाएगी।
सैन्य मामलों के जानकार और स्कॉलर ये मानते हैं कि भारतीय सेना का यह सतर्क रुख न केवल आतंकियों के लिए कड़ी चुनौती है, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक भी है। व्हाइट नाइट कोर पूरे जम्मू क्षेत्र में दुश्मन को सांस तक लेने नहीं देगा, उनका यही प्रण है देश की ताकत!


