विजेश पटेल
indore weather today : शहर में अचानक मौसम बदलने और छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। विजिबिलिटी बेहद कम हो जाने के कारण एयर ट्रैफिक पर इसका सीधा असर पड़ा है। इंदौर आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, कुछ को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई फ्लाइटें घंटों देरी से संचालित हो रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव सुबह अचानक हुआ, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, घने कोहरे के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में कठिनाई आ रही है। आने वाली उड़ानें डायवर्ट हो रही हैं, जबकि जाने वाली उड़ानों में से कई रद्द कर दी गई हैं या विलंबित हैं। प्रभावित उड़ानों की संख्या लगभग 10-12 बताई जा रही है, जिनमें से कुछ प्रमुख इस प्रकार हैं:
Indore airport flight schedule today.
इंदौर-गोवा उड़ान: सुबह 11 बजे की यह उड़ान पूरी तरह रद्द कर दी गई।
इंदौर-दिल्ली उड़ान: विलंबित, यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है।
इंदौर-बॉम्बे उड़ान: विलंबित, निर्धारित समय से देरी।
इंदौर-अहमदाबाद उड़ान: डायवर्ट होकर भोपाल चली गई।
एआई-25 (बॉम्बे से इंदौर): डायवर्ट होकर अहमदाबाद पहुंची।
बॉम्बे-इंदौर उड़ान: डायवर्ट होकर राजकोट चली गई।
इंदौर-नासिक उड़ान: रद्द।
इंदौर-जयपुर उड़ान: रद्द।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, फिलहाल विजिबिलिटी करीब 300 मीटर के आसपास बनी हुई है जिसमे विमान लैंडिंग संभव नहीं हो पा रही है। मौसम में सुधार होने पर उड़ानें सामान्य हो सकती हैं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

