इन्दौर। आयातित मालों में आयी मंदी के चलते आलौच्य सप्ताह के दौरान खाद्य तेलों में मंदी रही। तिलहनों में बाजार टिके रहे। मॉंग के चलते दलहनों में चना व मसूर में सुर्खी रही। किराना जिंसों में बादाम व सूखे मेवों में नरमी का रुख रहा। नारियलों में तेजी मंदी की स्थिति रही।
किराना :-
शनिवार को समाप्त हुए आलौच्य सप्ताह के दौरान स्थानीय सियागंज किराना बाजार में व्यापार की मात्रा कम ही रही। इस दौरान शक्कर में व्यापार सामान्य ही रहा, जिसके चलते भावों में टिकाव की स्थिति रही। शक्कर में बाजार 3525-3560 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये। खोपरे गोले में लेवाली कमजोर पड़ने से बाजार 200-220 रू. प्रति क्विंटल पर कमजोर देखा गया। साबूदाना दिसावरी सुस्ती के चलते बाजार 4350-4450 रू. प्रति क्विंटल पर बना रहा। बादाम गिरी व अन्य सूखे मेवों में पूछपरख ठंडी रहने से बाजार में सुस्ती देखी गयी। बादाम गिरी में बाजार 660-680 रू. प्रति किलो पर आ गये। जीरे में उत्पादक मंडियों तरफ आवकें सुधरने लगी है, जिसके चलते भावों में सुस्ती का वातावरण बना हुआ है। समीक्षा सप्ताह के दौरान जीरा राजस्थान 200-220 रू. प्रति किलो पर आ गये। खसखस में पूछपरख रहने से बाजार मजबूती के रहे। खसखस में चालू माल 750-1550 रू. प्रति किलो पर आ गये। नारियलों में सप्ताह के दौरान तेजी मंदी का मिश्रित रूख देखा गया। नारियलों में 120 भरती मालों में बाजार 1450-1500 रू. प्रति थैले पर आ गये। अन्य किराना जिंसों में भाव बने रहे।
तेल तिलहन :-
आलौच्य सप्ताह के दौरान खाद्य तेलों में बाजार सुस्ती के देखे गये। बाजार सूत्रों के अनुसार आयातित पॉम व सोया तेलों में आयी मंदी के चलते बाजार में गिरावट नज़र आयी। बाजार सूत्रों का मानना है कि खाद्य तेलों में देशी मालों में पूछपरख सामान्य से अधिक नहीं है, जिससे भावों में मंदी देखी गयी। समीक्षा सप्ताह के दौरान सींगदाना तेल इन्दौर लाइन पर 50-60 रू. प्रति 10 किलो टूटकर 1580-1600 रू. प्रति 10 किलो पर आ गये। सोया व कपास्या तेलों में 50-5 रू. प्रति 10 किलो तक टूट गये। सोया तेल रिफाइंड मालों में बाजार 1545-1550 रू. प्रति 10 किलो पर आ गये। तिलहनों में सोयाबीन 6000-6500 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये। सरसो व रायडा पूर्वस्तर पर बने रहे।
दाल दलहन :-
समीक्षा सप्ताह के दौरान दाल दलहनों में व्यापार की मात्रा सामान्य ही रही। चने में लेवाली के चलते बाजार 25-50 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये। मसूर में ऊँचे भावों पर मॉंग कमजोर पड़ने से बाजार 50 रू. प्रति क्विंटल टूटकर 6250 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये। तुअर दाल में खेंरची मॉंग ठंडी रहने से साबूत मालों में बाजार 5500-6400 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये। उड़द व मूंग में लेवाली ठंडी रहने से बाजार पूर्व स्तर पर बने रहे। उड़द में बाजार 7000 रू. प्रति क्विंटल पर आ गये।