Indore Bazar – इंदौर बाजार की साप्ताहिक समीक्षा |

sadbhawnapaati
3 Min Read

इंदौर बाजार की साप्ताहिक समीक्षा 

इन्दौर। उत्पादक मंडियों में आयी तेजी के मद्देनजर आलौच्य सप्ताह के दौरान किराना जिंसों में जीरा चमका। नारियल में सुस्ती रही। खाद्य तेलों में आयातित मालों में आयी तेजी से बाजार सुर्खी पर रहे। तिलहनों में सोयाबीन सुस्त रहा। दलहनों में मॉंग कमजोर पड़ने से चना मंदी की गिरफ्त में रहा।

किराना :-
शनिवार को समाप्त हुए आलौच्य सप्ताह के दौरान स्थानीय सियागंज किराना बाजार में लग्नसरा की अध‍िकता से ग्राहकी अच्छी रही। शक्कर में गर्मी के लिए मॉंग का सीज़न बनने लगा है। यद्यपि मिले बम्पर उत्पादन पर बैठी है, जिससे बाजार में लम्बी तेजी को वक्त लग सकता है। समीक्षा सप्ताह के दौरान शक्कर में बाजार 10-20 रू. प्रति क्व‍िंटल की तेजी से 3480-3510 रू. प्रति क्व‍िंटल पर आ गये। खोपरा गोला उठाव की मजबूती से 210-235 रू. प्रति किलो पर मजबूत देखा गया। साबूदाने में फ‍िलहाल स्टॉक मजबूत है। हल्की फुल्की मॉंग से बाजार में तेजी देखी जा सकती है। साबूदाना हल्के मालों में 4350-4450 रू. प्रति क्व‍िंटल पर बना रहा। जीरे में मॉंग अच्छी देखी जा रही है। उत्पादक मंडियों में तेजी के चलते स्थानीय बाजारों में जीरा 20-30 रू. प्रति किलो की तेजी आयी और जीरा राजस्थान 187-190 रू. प्रति किलो से बढ़कर 215-220 रू. प्रति किलो पर आ गये। बादाम मगज में पूछपरख सामान्य है। आयातित मालों में आयी सुर्खी से बाजार सुधरकर 560-570 रू. प्रति किलो से 590-600 रू. प्रति किलो पर आ गये। नारियलों में लेवाली निकलने से बाजार में मंदी आयी और नारियल बाजार 1450-1475 से 1475-1500 रू. प्रति थैले पर आ गये।

तेल तिलहन :-
समीक्षा सप्ताह के दौरान खाद्य तेलों में व्यापार की मात्रा अच्छी रही। आयातित मालों में खाद्य तेल सुर्खी बनाये हुए है, जिससे भावों में तेजी की स्थ‍िति‍ रही। आलौच्य सप्ताह के दौरान सींगदाना तेल इन्दौर लाइन पर 1330 रू. प्रति 10 किलो को मुकाबले 1340 रू. प्रति 10 किलो पर आ गये। सोया व कपास्या तेलों में 20-40 रू. प्रति 10 किलो की तेजी आयी। इस दौरान सोया तेल रिफाइंड मालों में बाजार 1215-1220 रू. प्रति 10 किलो से बाजार 1250 रू. प्रति 10 किलो पर आ गये। तिलहनों में सोयाबीन 100-300 रू. प्रति क्व‍िंटल की तेजी आयी और सोयाबीन बाजार 6300-6500 रू. प्रति क्व‍िंटल पर आ गये। सरसो व रायडे में भी सुर्खी रही।

दाल दलहन :-
आलौच्य सप्ताह के दौरान दाल दलहनों में व्यापार कामकाज की मात्रा कमजोर ही रही। चने में नये मालों की आवकें शुरू हो गयी है। एक पखवाड़े से बाजार नरमी के रहे। चना इस दौरान 50 रू. प्रति क्व‍िंटल से टूटकर 4850-4900 रू. प्रति क्व‍िंटल पर आ गये। मूंग में पूछपरख ठंडी रहने से बाजार नरमी पर रहे। मूंग में बाजार 6700 रू. क्व‍िंटल पर आ गये। उड़द में कामकाज सामान्य ही रहा।
Share This Article