Indore News. कोरोना का असर लगातार उड़ानों पर पड़ रहा है, इंदौर में लगातार तीसरे दिन देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से यात्रियों की कमी के कारण उड़ानों को निरस्त किया गया। शुक्रवार सुबह इंदौर से जाने वाली पांच उड़ान निरस्त की गई है। शुक्रवार को निरस्त उड़ानों में मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ की कुल पांच उड़ानें शामिल हैं। इन उड़ानों के निरस्त होने से इनमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि कंपनियों ने यात्रियों के लिए रीबुकिंग और रिफ़ंड का आप्शन दिया है।
उड़ानों पर कोरोना का असर साफ नजर आ रहा है कोरोना संक्रमण के चलते लोग फिलहाल यात्रा को टाल रहे है, देशभर में यही वजह है कि हवाई यात्रियों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। इसके चलते एयरलाइंस लगातार अपनी उड़ानों को निरस्त करते हुए नुकसान से बचने की कोशिश कर रही है। शुक्रवार सुबह भी इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से कुल पांच उड़ानों को निरस्त किया। इनमें सुबह 5.40 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान, 6.55 बजे लखनऊ और 7.05 बजे बेंगलुरु जाने वाली उड़ान के साथ सुबह 8.35 बजे बेंगलुरु से आने वाली उड़ान और 9.05 बजे मुंबई से आने वाली उड़ानें शामिल हैं। वही विस्तारा ने 31 जनवरी तक अपनी सभी उड़ानों को निरस्त कर दिया है। इंदौर में उड़ानों को निरस्त किए जाने का यह तीसरा दिन है।

