Indore News – 1
लोक सेवा आयोग के अध्यक्षों के ‘राष्ट्र सम्मेलन’ में शामिल होंगे डॉ. मेहरा
इन्दौर। केरल राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के मुख्य आतिथ्य एवं संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. मनोज सोनी की अध्यक्षता में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह 23वां राष्ट्रीय सम्मेलन केरल लोक सेवा आयोग, तिरुवन्नतपुरम् द्वारा कोवलम (केरल) में 15 एवं 16 अप्रैल 2022 को आयोजित किया जा रहा है। जिसमें मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेश लाल मेहरा भी शामिल होंगे। सम्मेलन में आयोगों द्वारा अपनायी जा रही चयन प्रक्रियाओं एवं नवाचारों पर चर्चा की जाएगी।
Indore News – 2
खरगोन घटना में घायल ‘शिवम’ के इलाज का खर्च उठाएगा शासन
इन्दौर। इन्दौर संभाग के खरगोन में हुई घटना में घायल शिवम का उपचार इन्दौर में कराया जा रहा है। उपचाररत शिवम अब स्वस्थ हो रहा है। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने आज खरगोन में बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार 16 वर्षीय शिवम के इलाज पर पूरी नज़र रखी जा रही है। उसके इलाज में आए सम्पूर्ण व्यय का भुगतान शासन द्वारा किए जाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए हैं।
ज्ञात रहे कि खरगोन में हाल में हुई हिंसा की घटना में शिवम के सिर पर गंभीर रूप से चोट लग गई थी। स्थिति में सुधार होते ही खरगोन में कर्फ्यू में क्रमिक रूप से ढील दी जाएगी। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता लगातार खरगोन में कैंप किए हुए हैं। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने आज सायंकाल खरगोन में बताया कि खरगोन में स्थिति में निरंतर सुधार दिखाई दे रहा है। ऐसे में कल कुछ घंटों के लिए कर्फ्यू में ढील दी जा सकती है।

