इन्दौर। स्मार्ट सिटी इंदौर द्वारा राजबाड़ा के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। राजबाड़ा में संचालित पुरातत्व विभाग को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की स्मार्ट सिटी कार्यालय की मांग पर आज संभागायुक्त कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया।
संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बैठक में कहा कि राजबाड़ा में पुरातत्व विभाग द्वारा सहेजे गए अभिलेखों को और अधिक सुरक्षित रखने की आवश्यकता है।
यह हमारी बहुमूल्य धरोहर है और इन्हें एक उचित स्थान पर अधिक संरक्षित तरीक़े से रखा जाना चाहिए। राजबाड़ा इंदौर की पहचान और गौरवशाली विरासत है।
यहाँ संचालित राज्य सरकार के पुरातत्व कार्यालय को अधिक अच्छा स्थान अन्यत्र दिया जा सकता है। ताकि राजबाड़ा को हम इंदौर की विरासत के रूप में और अधिक अच्छे से संवार सकें।
संभागायुक्त डॉ. पवन शर्मा ने आज संभागायुक्त कार्यालय में उपरोक्त संदर्भ में आयोजित बैठक में यह बात कही।
बैठक में स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषभ गुप्ता, एडिशनल कमिश्नर श्रीमती सपना सोलंकी, रजनीश कसेरा, पुरातत्व विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एस.आर. वर्मा, पुष्पेंद्र रोकड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि राजबाड़ा राज्य का संरक्षित स्मारक है। यहाँ होलकर कालीन दस्तावेज़ और अन्य अभिलेख रखे गए हैं।
राजवाड़ा में ही पुरातत्व विभाग के उप संचालक सहित पुरातत्ववेत्ता और अभिलेखागार का कार्यालय भी संचालित है।
बैठक में बताया गया कि शासकीय मुद्रण प्रेस के रिक्त कार्यालय को पुरातत्व विभाग को आवंटित किया जा सकता है।
ताकि यहाँ एक व्यवस्थित कार्यालय का संचालन हो सके। साथ ही नई तकनीक के साथ अभिलेखों को भी संरक्षित किया जा सके। संभागायुक्त ने कहा कि इन दस्तावेजों का डिजिटाइजेशन भी किया जाना चाहिए।