*सभी जिलों के लिये लक्ष्य आवंटित- पूरे प्रदेश में लगेंगे एक दिन में 30 लाख टीके
*मुख्यमंत्री चौहान ने सभी से सहयोग का आग्रह किया
Indore News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में नागरिकों को कोरोना महामारी से बचाने के लिये टीकाकरण का अभियान जारी है। इस अभियान को और अधिक गति प्रदान करने के लिये 17 सितम्बर को विशेष महाअभियान आयोजित किया जायेगा। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में इस एक दिन में 30 लाख टीके लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी जिलों को लक्ष्य आवंटित कर दिये गये है। पूरे प्रदेश में आगामी 26 सितम्बर तक सभी पात्र नागरिकों को कोरोना का पहला टीका एवं दिसम्बर माह के अंत तक दूसरा टीका लगाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी से आग्रह किया है कि इस विशेष अभियान को उत्सव का रूप देवें एवं जन-आंदोलन के रूप में सभी पात्र नागरिकों का टीकाकरण करवायें।
मुख्यमंत्री चौहान आज वर्चुअल रूप से प्रदेश की ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। इस वीडियो कांफ्रेसिंग में भोपाल से लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस तथा अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहमद सुलेमान शामिल थे। इंदौर से इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एनआईसी कक्ष से सांसद शंकर लालवानी, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, पूर्व विधायक राजेश सोनकर, गौरव रणदिवे, कलेक्टर मनीष सिंह, इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा सहित जिला स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना का खतरा टला नहीं है। कोरोना से बचाव के लिये टीकाकरण ही एकमात्र उपाय है, अगर सभी मिलकर ठान लेंगे तो सभी का टीकाकरण हो जायेगा और कोरोना की तीसरी लहर नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम करें जिससे कि संक्रमण का खतरा नहीं रहे, प्रोटोकॉल का पालन भी किया जाये। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिये ग्राम पंचायतवार कार्य योजना बनाई जाये। जिन्हें टीका नहीं लगा है उन्हें चिन्हांकित कर 26 सितम्बर तक सभी पात्र लोगों को प्रथम डोज लगाकर उनके जीवन को सुरक्षा चक्र प्रदान करें। दिसम्बर अंत तक दूसरा डोज लग जाये। जिन जिलों में प्रथम डोज कम लगे है वहां विशेष ध्यान दिया जाये। टीकाकरण के लिए पूरी ताकत से जुट जाये।जिला स्तर पर रणनीति बनाकर जनसहयोग से लक्ष्य पूर्ण किया जाये। समयावधि होने पर दूसरा डोज भी सभी को लग जाये यह सुनिश्चित किया जाये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना की सैपलिंग पर भी लगातार विशेष ध्यान दें। बुखार पीड़ितों की सैपलिंग हो। वर्तमान में डेंगू का संक्रमण भी दिखाई दे रहा है, सभी जिला अस्पतालों में डेंगू के उपचार के लिये दस-दस बिस्तरों के विशेष वार्डों की व्यवस्था रखें। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उनका उपचार करें। सभी चिन्हित प्रायवेट अस्पतालों में आयुषमान कार्ड धारियों का डेंगू का नि:शुल्क उपचार किया जाये। डेंगू से बचाव के लिये फॉगिंग तथा आवश्यक दवाईयों के छिड़काओं तथा लार्वा नियंत्रण के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश भी उन्होंने दिये। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता तथा लार्वा नियंत्रण और जल जमाव को हटाने के लिये लोगों को जागरूक करें।


