Indore News. इंदौर जिले में कालाबाजारी तथा मिलावटखोरी करने वालों के विरूद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। साथ ही जिले में उपभोक्ताओं को जागरूक भी किया जा रहा है। इसी सिलसिले में शहर के 60 फीट रोड एवं कालानी नगर क्षेत्र में स्पेशल ड्राइव आयोजित की गई। इसके माध्यम से खाद्य पदार्थों के 41 नमूने लेकर उनकी शुद्धता की जांच की गई।
अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि, विभिन्न गतिविधियों के संचालन एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के | बाजारों में निर्माण, विक्रय किए जा रहे खाद्य पदार्थों की मौके पर ही प्रारंभिक जांच हेतु मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब का भ्रमण कार्यक्रम इंदौर जिले हेतु तैयार किया गया है। सोमवार को कालानी नगर क्षेत्र एवं 60 फीट रोड क्षेत्र में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की सहायता से बाजारों में उपलब्ध कुल 41 खाद्य पदार्थों की जांच मौके पर की गई। मध्यप्रदेश शासन द्वारा तैयार किए गए शुद्ध ऐप की सहायता से रिपोर्ट जारी की गई। ईट राईट चैलेंज की नवाचार गतिविधि के अंतर्गत उपभोक्ताओं द्वारा लाए गए कुल 8 खाद्य पदार्थों की जांच भी की गई। जिसकी रिपोर्ट उपभोक्ता को तुरंत ही प्रदान की गई। खाद्य पदार्थों के 15 सर्विलांस नमूने भी लिए गए हैं जिन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है जिनकी रिपोर्ट प्राप्ति पश्चात अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


