इंदौर। मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय जल पुरस्कार में पश्चिम जोन श्रेणी में प्रथम आने पर इंदौर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नदी नाला टैपिंग, वाटर रिचार्जिंग यूनिट्स, जल पुनर्भरण व वाटर प्लस के क्षेत्र में इंदौर जिले ने कई उत्कृष्ट कार्य किए हैं। इंदौर नवाचार का शहर है, यह मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के सपनों का शहर है। जल संरक्षण के क्षेत्र में कई नवाचारों को इंदौर ने अपनाया है। यहां के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का ही नतीजा है कि इंदौर को आज राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इंदौर आगे भी जल संरक्षण के क्षेत्र में इसी तरह आगे बढ़े इसके लिए और भी अधिक प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद द्वारा 29 मार्च को दिल्ली के विज्ञान भवन में इंदौर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान को सांसद शंकर लालवानी तथा कलेक्टर मनीष सिंह द्वारा ग्रहण किया गया। तीसरे राष्ट्रीय जल पुरस्कार- 2020 में पश्चिम जोन में इंदौर सर्वश्रेष्ठ जिला रहा।