चक्का जाम कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, 11 गिरफ्तार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

Indore News। मप्र के इंदौर में एक बेहद व्यस्त चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात लाठीचार्ज किया और 11 लोगों को एहतियातन गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रदर्शनकारियों द्वारा शहर के पलासिया चौराहे पर यह आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की शिकायत किए जाने पर इन व्यक्तियों की शह पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ता बिना किसी अनुमति के इस बेहद व्यस्त चौराहे पर अचानक पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने लगे, जिससे चारों रास्तों पर यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि जब पुलिस के कई बार समझाने के बाद भी धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम खत्म नहीं किया गया, तो हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया गया। डीसीपी ने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 (संज्ञेय अपराध घटित होने से रोकने के लिये की जाने वाली एहतियातन गिरफ्तारी) के तहत 11 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
भदौरिया के अनुसार चक्का जाम के दौरान बजरंग दल के उग्र कार्यकर्ताओं पर काबू पाने के दौरान पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं और इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव भी किया। डीसीपी ने कहा कि पुलिस इस घटनाक्रम को लेकर उचित कानूनी कार्रवाई कर रही है। चश्मदीदों ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं के घंटे भर तक चले धरना-प्रदर्शन से पलासिया चौराहे पर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हुआ।
वहीं सूबे में सत्तारूढ़ भाजपा ने पुलिस के लाठीचार्ज में बजरंग दल के 11 कार्यकर्ताओं के चोटिल होने का दावा किया है। शहर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने मीडिया से कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बर्बर तरीके से लाठियां बरसाईं, जिससे 11 लोगों को चोट आई। उन्होंने मांग की कि इस घटनाक्रम की जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।