MP News – मध्यप्रदेश की खास खबरें |

sadbhawnapaati
14 Min Read

News – 1

 
स्वच्छता अभियान महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम : सिलावट
इन्दौर। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि हम महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया स्वच्छता अभियान महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट आज यहां महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जाल सभागृह में आयोजित मोहन से महात्मा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन सेवा सुरभि द्वारा अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया गया था। इस कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती जनक पलटा, कृष्ण कुमार अष्ठाना, भरत मोदी, ओम नरेडा, इन्दौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिलावट ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का पाठ समाज को पढ़ाया है। उन्होंने समाज को नई राह दिखाई। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर महात्मा गांधी के कृतित्व पर आधारित कठपुतली नाटक का मंचन भी किया गया।
 

News – 2

 
शहीद दिवस पर रखा गया 2 मिनट का मौन
इन्दौर। स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति में कल ठीक 11 बजे 2 मिनट का मौन रखा गया। कलेक्टर कार्यालय में इस अवसर पर अपर कलेक्टर पवन जैन, अधीक्षक संतोष कुमार तिवारी, जिला नाजिर अशोक त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 

News – 3

 
किसी भी बैंक शाखा में पेंशनर जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण–पत्र
इन्दौर। नवीन दिशा निर्देशों के अनुसार अब पेंशनर अपना जीवन प्रमाण पत्र संबंधित बैंक की किसी भी शाखा में जमा कर सकते है। कोई भी बैंक की शाखा पेंशनर को उसी बैंक की अन्य शाखा में जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने हेतु वापस नहीं भेजेगी। प्रमाण पत्र अस्वीकार नहीं करेंगी। यदि पेंशनर के जीवित्ता प्रमाण पत्र लेने से किसी बैंक शाखा द्वारा मनाही, कोताही बरती जाती है और ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित बैंक शाखा पर तत्काल कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। निर्देशों की अवहेलना करने पर पेंशनर अपनी जानकारी जिला पेंशनर अधिकारी को अवगत करा सकते है।
 
 

News – 4

 
टीसी के अभाव में विद्यालय में प्रवेश से वंचित नहीं होंगे बच्चे
इन्दौर। स्थानान्तरण प्रमाण पत्र (टीसी) के बिना शाला में प्रवेश नहीं दिये जाने के संबंध में पूर्व में जारी निर्देश को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अनुक्रम में निरस्त किया गया है। तत्संबंध में यह स्पष्ट किया गया है कि कक्षा एक से 8वीं तक की कक्षाओं में प्रवेश के लिए आरटीई के प्रावधान प्रभावशील होगें।
विद्यार्थी को टीसी के अभाव में विद्यालय में प्रवेश से वंचित नहीं किया जायेगा, किन्तु अभिभावक द्वारा विद्यार्थी की पूर्व अध्ययनरत शाला से शाला स्थानांतरण प्रमाण पत्र प्राप्त कर सत्र समाप्ति के पूर्व वर्तमान शाला को उपलब्ध कराना होगा। कक्षा 9 से 12वीं की कक्षाओं में प्रवेश के लिए मध्यप्रदेश शिक्षा संहिता (अमहाविद्यालयीन शाखा) 1973 के प्रावधान यथावत लागू रहेंगे।
 

News – 5

 
उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार 
इन्दौर। प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी आगामी 15 मार्च को उपभोक्ता  दिवस मनाया जाएगा। इस दिन उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को संभाग तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख 11 हजार रुपये का , द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपये का तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये का दिया जाएगा। इसी तरह संभाग स्तर पर प्रथम पुरस्कार 51 हजार  रुपये का, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार रुपये का तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये  एवं सभी को प्रशिस्त पत्र भी दिया जाएगा। राज्य एवं संभाग स्तरीय उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्था या व्यक्ति एक  जनवरी 2021 से 31 दिसम्बर 2021 के दौरान प्रत्येक माह में की गई गतिविधियों के प्रमाण और विस्तृत विवरण के आधार पर पुरस्कृत किया जायेगा।
 
 

News – 6

 
 एक फरवरी से प्रारंभ होगा पीएससी की मुख्य परीक्षा का निशुल्क प्रशिक्षण 
इन्दौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के उत्तीर्ण अनुसूचित जाति तथा जनजाति के युवाओं को मुख्य परीक्षा का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में आगामी एक फरवरी से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है।
प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्य श्रीमती अलका भार्गव ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ऐसे युवा जिन्होंने हाल ही में घोषित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है, वह शामिल हो सकते हैं। इसके लिए वे शासकीय अटल बिहारी वाजपेई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के पीछे स्थित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में संपर्क कर सकते हैं। वे यहां से आवेदन प्राप्त कर वहां जमा भी कर सकते हैं अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में इस केंद्र में संपर्क किया जा सकता है।
 

News – 7

 
ज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिये 27 फरवरी को परीक्षा 
इन्दौर। अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इन्दौर सहित उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर, मुरैना, सागर, जबलपुर, रीवा एवं शहडोल में संचालित इन विद्यालयों की कक्षा छठवीं में प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 5 फरवरी 2022 है। प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी 2022 को होगी।
सहायक आयुक्त बी.के. शुक्ला ने बताया कि यह परीक्षाएं समस्त जिला मुख्यालयों पर आयोजित की जाएंगी। कक्षा पांचवी में अध्ययनरत विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट www.tribal.mp.gov.in/mptaasc के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का कोई आवेदन शुल्क अथवा परीक्षा शुल्क नहीं लिया जायेगा। प्रवेश हेतु प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम 3 विद्यालयों में प्रवेश हेतु प्राथमिकता क्रम दे सकता है। विद्यार्थियों के प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंक एवं उनके द्वारा अंकित प्राथमिकता क्रम के आधार पर शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। मेरिट सूची में चयनित होने एवं न्यूनतम योग्यता प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने विकल्प के अनुसार विद्यालयों में रिक्त सीट के विरुद्ध चयन हेतु पात्र होंगे। प्रवेश के संबंध में विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट www.tribal.mp.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों में शिक्षण एवं आवासीय सुविधाएं नि:शुल्क है।

News – 8

 
किसान अपने मोबाइल से कर सकेंगे गेहूं उर्पाजन के लिए पंजीयन
इन्दौर। रबी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जित करने के लिए किसानों की सुविधा हेतु किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। अब किसान स्वयं के मोबाइल से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। किसान द्वारा निम्नलिखित स्थानों/तरीकों से पंजीयन कराया जा सकेगा।
कृषकों के लिए स्वयं के मोबाइल अथवा कम्प्यूटर से पंजीयन हेतु निर्धारित लिंक पर जाकर, ग्राम पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, पूर्व वर्षों की भांति सहकारी समिति, एसएचजी, एफपीओ, एफपीसी द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर जाकर पंजीयन की निशुल्क व्यवस्था की गई है। किसानों को 50 रुपए शुल्क के साथ पंजीयन व्यवस्था के लिए एमपी ऑनलाइन कियोस्क पर, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क पर, लोक सेवा केन्द्र पर एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे से किया जा सकता है।
 

News – 9

 
आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना की पंजीयन अवधि 31 मार्च तक बढ़ी
भोपाल। आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना में पंजीयन के लिए अवधि 31 मार्च तक बढ़ाई गई। आत्मनिर्भर भारत योजना के प्रमुख बिंदूओं में ई.पी.एफ.ओ. के साथ पंजीकृत पात्र स्थापनाओं के नए कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के लिए प्रोत्साहन।
नए कर्मचारी, जो 15 हजार रुपए से कम मासिक वेतन प्राप्त करते है। पंजीकरण की तिथि से 24 वेतन माह के लिए लाभ प्राप्त करने के पात्र हैं। प्रोत्साहन का भुगतान 1,000 कर्मचारियों तक नियोजित करने वाली स्थापनाओं में कार्यरत नए कर्मचारियों के संबंध में कर्मचारियों तथा नियोक्ता, दोनों का अंशदान, अर्थात वेतन का 24 प्रतिशत, 1,000 से अधिक कर्मचारियों वाली स्थापनाओं में कार्यरत नए कर्मचारियों के संबंध में के केवल कर्मचारियों का अंशदान अर्थात वेतन का 12 प्रतिशत, एक अक्टूबर, 2020 के बाद ई.पी.एफ.ओ. के साथ पंजीकृत स्थापनाएं सभी नए कर्मचारियों के संबंध में लाभ प्राप्त कर सकेगी।
 

News – 10

 
इंदौर में हिंदू महासभा ने लगाई गोडसे के बयानों की प्रदर्शनी

कार्यकर्ताओं ने नाथूराम गोडसे के जयकार के नारे लगाए
इंदौर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जहां देश में महात्मा गांधी को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए वही भारतीय हिंदू सभा द्वारा जंजीर वाले चौराहे पर नाथूराम गोडसे के बयानों की प्रदर्शनी लगाई गई।
जिसमें नाथूराम गोडसे द्वारा दिए गए बयानों को बैनर पर लेकर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने नाथूराम गोडसे के जयकार के नारे लगाए।
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि नाथूराम गोडसे एक पत्रकार थे देश के विभाजन में महात्मा गांधी की भूमिका का अहम रोल था क्योंकि नाथूराम गोडसे राष्ट्रवादी थे।
इसी कारण उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या की थी, जब उनसे पूछा गया कि तो बोले यही दुनिया में भ्रम है कि उनकी पुण्यतिथि है जबकि  उनका वध किया था। इसलिए आज के दिन को लेकर जनता में भ्रम है और हमने यहां नाथू राम गोडसे द्वारा कोर्ट में बयान दिए थे।
उसी बयान की प्रदर्शनी लगाई है क्योंकि उन्होंने देश का विभाजन किया था। साथ ही नाथूराम गोडसे ने अपनी आखिरी इच्छा में कहा था कि उनकी अस्थियों का विसर्जन जब तक न किया जाए जब तक भारत एक बार फिर अखंड ना हो जाए।

News – 11

 
मप्र कांग्रेस का घर-घर चलो अभियान एक फरवरी से

नेता और कार्यकर्ता बताएंगे भाजपा सरकार की विफलता
भोपाल। आगामी एक फरवरी से मध्यप्रदेश कांग्रेस घर-घर चलो अभियान प्रारंभ करेगी। इस अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आमजनों के घरों तक पहुंचकर प्रदेश की भाजपा सरकार की असफलताओं से लोगों को अवगत कराएंगे।
साथ पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराकर पार्टी से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यता अभियान को भी गति दी जाएगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को शनिवार को नई दिल्ली में हुई मुलाकात में दी।
साथ ही बताया कि संगठन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि कमल नाथ ने राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात में प्रदेश संगठन से लेकर विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।
पांच राज्यों में चल रहे चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि भाजपा को लेकर पूरे देश में जनता नाराज है। महंगाई चरम पर है और बेरोजगार बढ़ रही है। भाजपा के वादों की हकीकत सबके सामने आ गई है। यही वजह है कि भाजपा में पलायन का दौर भी शुरू हो गया है। संगठन ने मध्य प्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
एक फरवरी को वे देवास से प्रदेशव्यापी घर-घर चलो अभियान प्रारंभ करने जा रहे हैं। इसमें सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे। सदस्यता अभियान को भी इस दौरान गति दी जाएगी। संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठ और विभागों में नियुक्तियां करके उन्हें भी सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में हाल ही में कांग्रेस महिला मोर्चा सहित अन्य अनुसांगिक संगठनों में कांग्रेस ने नियुक्तियां भी की है।

 

Share This Article