MP Top News – आज की खास ख़बरें

sadbhawnapaati
8 Min Read

MP News – 1

प्यार को पाने के लिए किया फर्जीवाड़ा, दुल्हन गई जेल

इश्क के जुनून में डूबी 22 साल की सनमति क्षिप्रे ने शायद इसका मतलब समझने में थोड़ी सी चूक कर दी। और अब वह जेल में है। दरअसल सनमति ग्वालियर के एक बैंक कर्मचारी से प्यार करती है।

उससे हर हाल में शादी करने के लिए सनमति ने BSF BSF अकादमी टेकनपुर में असिस्टेंट कमांडेंट का फर्जी जॉइनिंग लेटर घर पर ही बना डाला। उसे अपनी यह हरकत प्यार में जायज लगी।

इसकी वजह यह थी कि लड़के के घर वालों को अफसर बहू चाहिए थी। सनमति ने तो सोचा था कि शादी होने के बाद वह सब बता देगी। पर मामला उलटा पड़ गया। शादी से पहले ही उसके भावी ससुराल वाले उसकी जॉइनिंग कराने BSF अकादमी ले गए, वहां उसकी पोल खुल गई।

अफसरों ने पुलिस बुलाकर उसे फ्रॉड केस में गिरफ्तार करा दिया। सनमति महाराष्ट्र की रहने वाली है। उसे ग्वालियर के डबरा के रहने वाले बैंक कर्मचारी से प्यार है। वह उससे शादी भी करना चाहती थी।

लड़का महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ही जॉब करता है। लेकिन जब सनमति को पता चला कि लड़के की फैमिली को अफसर बहू चाहिए थी, तो उसने अपना प्यार पाने की खातिर एक झूठी कहानी गढ़ी।

उसने इंटरनेट से कुछ पुराने जॉइनिंग लेटर निकाले। उनमें हेरफेर कर BSF अकादमी टेकनपुर में असिस्टेंट कमांडेंट का फर्जी जॉइनिंग लेटर घर पर ही बनाया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सात फेरों से पहले सनमति को जेल जाना पड़ गया।

लेटर पर जिस ऑफिसर के साइन, वे 2012 में हो चुके रिटायर
सनमति 21 फरवरी को BSF अकादमी टेकनपुर (ग्वालियर) में लेटर लेकर असिस्टेंट कमांडेंट की ट्रेनिंग लेने पहुंची थी।

वहां जैसे ही उसने अपना जॉइनिंग लेटर दिया तो ट्रेनिंग ऑफिसर अपनी सीट से उठ खड़े हुए। दरअसल, लेटर पर डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल BSF डीके उपाध्याय के सिग्नेचर थे।

लेकिन वे तो 2012 में ही रिटायर हो चुके थे। इस फर्जीवाड़े का पता चलते ही BSF ऑफिसर ने पुलिस बुला ली। पहले तो लड़की पुलिस को गुमराह करती रही। उसने पुलिस को बताया कि कोल्हापुर में एक व्यक्ति ने उससे ढाई तोला सोना और 20 हजार रुपए लेकर जॉइनिंग लेटर दिया है।

इसकी पड़ताल के लिए पुलिस लड़की को लेकर कोल्हापुर भी पहुंची। वहां वह लेटर देने वाले व्यक्ति के बारे में कुछ नहीं बता सकी। उससे फिर सख्ती पूछताछ हुई। तब उसने बताया कि यह लेटर उसने ही बनाया है।

MP News – 2

एमपी रुद्राक्ष महोत्सव विवाद: मुख्यमंत्री ने फोन पर की बात, पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा- प्रशासन की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से फोन पर बातचीत की। मिश्रा का कहना है कि जिला प्रशासन के सहयोग से शिव महापुराण कथा सुचारू और निर्बाध रूप से चल रही है। व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हैं।

गौरतलब है कि सीहोर में आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव निरस्त होने के बाद प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं ने मामले में दखल दिया है। भाजपा के कैलाश विजयवर्गीय, उमा भारती, नरोत्तम मिश्रा, नारायण त्रिपाठी ने इसके पीछे प्रशासन को दोषी बताया है।

प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। बुधवार को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक विशाल पटेल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भी सीहोर जाकर प्रदीप मिश्रा से मिला था। आज सीएम ने मामले की जानकारी ली है।
सीएम ने फोन पर सीहोर मे चल रहे सात दिवसीय शिव महापुराण के बारे में विस्तार से जानकारी ली। आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर निसंकोच बताने का आग्रह किया।
बातचीत के दौरान पंडित मिश्रा ने मुख्यमंत्री को इस महोत्सव में आने का न्योता भी दे दिया। पंडित मिश्रा ने शिव महापुराण कथा आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को उत्कृष्ट बताते हुए सराहना की।
कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों का निरंतर सहयोग मिला रहा है। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण कथा सुचारू और निर्बाध रूप से चल रही है।

MP News – 3

 

फूल सिंह बरैया के बोल वचन: अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा 50 सीटें भी जीत जाए तो मैं खुद अपना मुंह काला करूंगा

शिवपुरी। शिवपुरी जिले की नरवर नगर परिषद के लिए चुनाव हो रहे हैं। प्रचार के लिए वार्ड 10 में पहुंचे कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने यहां भाजपा की हार का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा 50 सीटें भी जीत गई तो मैं खुद अपना मुंह काला कर लूंगा, वह भी राजभवन के सामने। इतना ही नहीं, ये बात भाजपा नेताओं को लिखकर दे दी है।
बता दें कि शिवपुरी जिले की नरवर नगर परिषद के लिए हो रहे चुनाव के दौरान प्रचार जोरों पर है।
6 मार्च पर यहां वोट डाले जाएंगे। बुधवार को वार्ड 10 में एक आमसभा को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया अति आत्मविश्वास में नजर आए।
उन्होंने दावा किया है कि अगले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी, यदि 50 से ज्यादा सीटें मिल जाएं तो वे खुद भोपाल में राजभवन के सामने अपना मुंह काला कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि यह बात लिखकर के भाजपा नेताओं के अलावा अन्य लोगों को दे दी है। बरैया ने ये भी कहा कि भाजपा जमानत भी नहीं बचा पाएगी, अगर ऐसा हो जाए तो फूलसिंह बरैया को चौराहे पर जो चाहो वो सजा दे देना।
फूल सिंह बरैया ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपना मनोबल न गिराएं। कांग्रेस कार्यकर्ता अपना मनोबल ऊंचा रखें और भाजपा को उखाड़ने के लिए काम करें।

कांग्रेस अब भी मुस्लिमों के भरोसे


बरैया ने कहा कि मुसलमान, एससी, एसटी का वोट यदि कांग्रेस को मिल जाए तो एक तरफा कांग्रेस प्रदेश में सरकार बना लेगी। पिछली बार प्रदेश में जब कांग्रेस ने सरकार बनाई थी तो उसे 1 करोड़ 30 लाख वोट मिले थे, जबकि मनोबल कमजोर होने के कारण मुसलमान, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति के लोगों का काफी कम वोट मिला।
अगर इनका वोट जो प्रदेश में 2 करोड़ 36 लाख है। यह सभी कांग्रेस को मिल जाए तो भाजपा अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएगी।

नरवर नगर परिषद के लिए हो रहे चुनाव के दौरान यहां चुनाव प्रचार जोरों पर है। 6 मार्च पर जहां पर वोट डाले जाएंगे। भाजपा व कांग्रेस ने यहां पर अपनी पूरी ताकत लगा दी है यहां पर अप्रत्यक्ष प्रणाली से परिषद का चुनाव हो रहा है।

जिसमें 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए विभिन्न उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। 15 वार्डों से पार्षद चुनने के बाद अध्यक्ष के लिए अप्रत्यक्ष तौर पर चुनाव होगा।
Share This Article