राष्ट्रीय पोषण माह संबंधी बैठक संपन्न; प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना कि लक्ष्य पूर्ति में इन्दौर देश में सबसे आगे   

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
6 Min Read

 सांसद लालवानी ने कहा “आगे आने वाली पीढ़ी न केवल शिक्षित हो बल्कि पोषित भी हो”

निजी चिकित्सालयों द्वारा स्तनपान काउंसलिंग में बरती जा रही लापरवाही को कम करने के लिए गठित की जाएगी कमेटी 


इन्दौर।
 संपूर्ण देश में 1 से 30 सितंबर 2022 तक 5वां राष्ट्रीय पोषण माह आयोजित किया जा रहा है। पोषण माह के उद्देश्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति हेतु सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह, अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेडेकर, जिला पंचायत सीईओ वंदना शर्मा, अनिल भंडारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी रामनिवास बुधौलिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
:: स्तनपान काउंसलिंग अनिवार्य ::
बैठक में बताए गए आंकड़ों के अनुसार पाया गया कि निजी चिकित्सालय द्वारा शिशु के पैदा होने के एक घंटे बाद तक अनिवार्य रूप से कराए जाने वाले स्तनपान के कार्य में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यूनिसेफ द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार शिशु के पैदा होने के शुरुआती एक घंटे के अंदर ही स्तनपान शुरू करा देना चाहिए। इस गंभीर लापरवाही को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर सिंह ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि निजी चिकित्सालय में स्तनपान काउंसलिंग अनिवार्य की जाए। इसके लिए सभी मैटरनिटी चिकित्सालय के संचालकों से चर्चा की जाए और चिकित्सालय के स्टाफ को इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए। बैठक में कलेक्टर सिंह द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर सांसद शंकर लालवानी ने मंजूरी देते हुए कहा कि सभी निजी चिकित्सालयों में ब्रेस्टफीडिंग काउंसलिंग तथा स्टाफ सही ढंग से प्रशिक्षित है कि नहीं इसकी नियमित जांच हेतु एक कमेटी भी गठित की जाएगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सीवियर एक्यूट मालनूट्रिशन (SAM) से पीड़ित बच्चों की संख्या कम से कम करना शासन-प्रशासन का लक्ष्य है। इसके लिए एनीमिया पीड़ित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार और फोलिक एसिड की दवाइयां अनिवार्य रूप से वितरित की जाए। परियोजना अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागृति की जाए।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर संपूर्ण देश में सितंबर माह राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में आयोजित किया जाता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पोषण माह में जनभागीदारी के साथ इसके उद्देश्यों की पूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। सांसद लालवानी ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इस अभियान का नेतृत्व करते हुए विभिन्न नवाचारों के साथ जिले में कुपोषण खत्म करने के लक्ष्य को प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इन्दौर हर क्षेत्र में आगे है उसी तरह इन्दौर को पोषण के क्षेत्र में भी आगे रहना है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आगे आने वाली पीढ़ी ना केवल शिक्षित हो बल्कि पोषित भी हो।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए जरूरी है कि स्कूल में छात्र छात्राओं को पोषण माह और पोषण अभियान के संबंध में जरूरी जानकारी दी जाए। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पोषण माह के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए नगर पार्षदों की उपस्थिति में वार्ड वार तथा जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में पंचायत वार बैठक आयोजित की जाए।
जन्म के समय लिंगानुपात में इन्दौर ने पार किया राष्ट्रीय औसत
बैठक में महिला बाल विकास अधिकारी बुधौलिया ने बताया कि इन्दौर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में देश में नंबर वन है। इसी तरह लाड़ली लक्ष्मी योजना का सफल क्रियान्वयन कर योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति कर इन्दौर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। सिर्फ यही नहीं नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक जन्म के समय लिंगानुपात का राष्ट्रीय औसत 987 की तुलना में इन्दौर जिले का जन्म के समय लिंगानुपात 996 पाया गया है। इन्दौर निरंतर रूप से मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लक्ष्य की पूर्ति की ओर अग्रसर है।
उल्लेखनीय है कि इस माह चलने वाले पोषण माह में गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, छह साल से कम उम्र के बच्चों और किशोरियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही उन्हें संवेदीकरण अभियान, आउटरीच कार्यक्रमों और शिविरों के माध्यम से पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस साल का लक्ष्य “पोषण पंचायत” के रूप में ग्राम पंचायतों के माध्यम से पोषण माह की शुरुआत करना है। इसके अलावा पोषण पंचायत समितियां आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम नर्सों के साथ मिलकर काम करेगी।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।