भोपाल. राजधानी के टीटी नगर में बाइक सवार महिला को ब्लेड मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएम शिवराज की पहल पर आरोपी बादशाह के रोशनपुरा स्थित घर पर बुलडोजर चला दिया गया है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई की है। सीएम खुद पीड़िता से मिलने पहुंचे थे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
रविवार सुबह भोपाल के संभागायुक्त गुलशन बामरा और पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर को मुख्यमंत्री आवास में तलब कर लिया और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीएम ने शिवाजी नगर स्थित महिला के निवास पहुंचकर भेंट की और स्वास्थ्य का हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री ने घायल महिला को एक लाख रुपए आर्थिक सहायता प्रदान की।
सीएम ने कहा कि पीड़ित महिला का साहस सराहनीय है। उसने बदमाशों की आपत्तिजनक हरकत पर हिम्मत से मुकाबला किया। राज्य शासन द्वारा महिला का उपचार करवाया जाएगा। अन्याय का प्रतिकार करना अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का काम है। इस नाते महिला का साहस अन्य महिलाओं के लिए प्रेरक भी है। महिला के बेटा और बेटी पढ़ते हैं। उनके सहयोग के लिए भी जिला कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
क्या है घटना ?
महिला अपने पति सुनील सोलंकी के साथ टीटी नगर इलाके में 9 जून, गुरुवार को लकड़ी लेने के लिए श्री पैलेस होटल गई थी। जहां से बाइक सवार कुछ बदमाशों ने उसे देखकर अश्लील हरकत की और सीटी बजाई। जब महिला ने विरोध किया। इस पर महिला ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया था। घटना के बाद काफी लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी। पटना के बाद तीनों युवक बाइक से भाग निकले थे। बाद में जब महिला अपने पति के साथ घर जा रही थी तो बाइक सवार वह उन्हीं बदमाशों ने महिला के चेहरे पर पेपर काटने वाले कटर (ब्लेड) से हमला किया था। शिवा खून में लथपथ हो गई थी, उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसका इलाज किया गया। महिला को 118 टांके आए थे। घटना की गंभीरता को रखते हुए पुलिस में एफआइआर दर्ज कर ली थी। आरोपितों की तलाश में पुलिस ने पांच टीमें गठित की थी। मुख्य आरोपित बादशाह बेग उम्र 38 वर्ष निवासी रोशनपुरा झुग्गी बस्ती और उसके साथी अजय उर्फ बिट्टी उम्र 18 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसका तीसरा साथी निखिल भी पकड़ा गया। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि महिला से वादविवाद और थप्पड़ की घटना के बाद वे तीनों बदला लेने के लिए चुपचाप खड़े हो गए थे और जैसे ही महिला अपने पति के साथ बाइक से निकली, तभी उस पर हमला कर दिया था। मुख्यमंत्री द्वारा इस घटना को लेकर कमिश्नर को तलब करने के बाद इस मामले में पुलिसकर्मियों पर बड़ी गाज गिरने की आशंका जताई जा रही है।