अरविन्द सिंह लोधी
तेन्दूखेड़ा (दमोह)। शुक्रवार देर रात लगभग 10 बजे तेन्दूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर–जबलपुर राज्य राजमार्ग पर व्यारमा नदी के क्षतिग्रस्त पुल से नीचे गिरने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान अजय घोषी (21 वर्ष) पिता दारा सिंह घोषी, अमित कुर्मी (21 वर्ष) पिता दुर्गा कुर्मी तथा पवन कर्मी (22 वर्ष) पिता प्रकाश कर्मी के रूप में हुई है। तीनों युवक सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिरारी के निवासी बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक तारादेही थाना क्षेत्र के ग्राम समनापुर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर व्यारमा नदी के टूटे हुए पुल के नीचे जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ा था और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।
थाना प्रभारी रवीन्द्र बागरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि तीन युवकों की दुर्घटना में मृत्यु हुई है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इस हृदय विदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


