मप्र। मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे यानी अंतिम चरण में 43 जिलों के 214 नगरीय निकायों में मतदान बुधवार को होगा। इस चरण 49.9 लाख मतदाता मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। यहां सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
प्रदेश के 43 जिलों की 5 नगर पालिक निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषद में मतदान होगा। इसके लिए कुल 6 हजार 829 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1627 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में लगभग 34 हजार कर्मचारियों- अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। लगभग 17 हजार पुलिस बल डिप्लॉय किया गया है।
दूसरे चरण में 5 नगरपालिक निगमों में कुल 44 महापौर पद के अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। कुल 214 निकायों में 3657 पार्षद के पद हैं। इनमें से 79 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष 3578 पदों पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 15 हजार 312 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण में 49 लाख 9 हजार 280 मतदाता मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें 25 लाख 20 हजार 923 पुरूष, 23 लाख 88 हजार 65 महिला और 292 अन्य मतदाता हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने बताया है कि दूसरे चरण में 5 नगरपालिक निगम, 40 नगरपालिका परिषद और 169 नगर परिषद में मतदान होगा। मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा। ईवीएम में महापौर के लिए सफेद, नगरपालिक निगम पार्षद के लिए गुलाबी, नगरपालिका परिषद पार्षद के लिए पीला और नगर परिषद पार्षद के लिए नीले रंग का मतपत्र लगाया जाएगा। मतदाता को आयोग द्वारा निहित 20 पहचान पत्रों में से कोई एक पहचान पत्र मतदान के लिए साथ में लाना अनिवार्य है। नगरपालिक निगम के लिए महापौर एवं पार्षद के निर्वाचन के लिए नोटा सहित 15 या 15 से कम अभ्यर्थी होने पर एक कंट्रोल यूनिट एवं 2 बैलट यूनिट का उपयोग किया जाएगा। किसी भी पद के लिए 15 से अधिक अभ्यर्थी होने पर एक अतिरिक्त बैलट यूनिट लगाई जाएगी। नगर पालिका और नगर परिषदों में 15 या 15 से कम अभ्यर्थी होने पर एक कंट्रोल और एक बैलट यूनिट तथा 15 से अधिक अभ्यर्थी होने पर एक अतिरिक्त बैलट यूनिट लगाई जाएगी।
नगरपालिक निगम कटनी, रतलाम, देवास, रीवा और मुरैना में 13 जुलाई को मतदान होगा। बता दें प्रथम चरण में 6 जुलाई को 11 नगर निगम, 35 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के लिए मतदान हुआ। प्रथम चरण की मतगणना 17 जुलाई और दूसरे चरण की मतगणना 20 को होगी।
49 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
दूसरे चरण में 49 लाख 9 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें से 25 लाख 20 हजार 923 पुरुष और 23 लाख 88 हजार 65 महिला तथा 292 अन्य मतदाता हैं। नगर निगम मुरैना में कुल मतदाता 2 लाख 52 हजार 817 हैं। इसमें एक लाख 35 हजार 467 पुरुष और एक लाख 17 हजार 333 महिला तथा 17 अन्य मतदाता हैं। रीवा में कुल मतदाता एक लाख 71 हजार 57 हैं। इसमें 88 हजार 886 पुरुष और 82 हजार 159 महिला तथा 12 अन्य मतदाता हैं। कटनी में कुल मतदाता एक लाख 93 हजार 388 मतदाता हैं। इसमें 97 हजार 444 पुरुष और 95 हजार 935 महिला तथा 9 अन्य मतदाता हैं। देवास में 2 लाख 39 हजार 692 मतदाता हैं। इसमें एक लाख 21 हजार 731 पुरुष और एक लाख 17 हजार 955 महिला तथा 6 अन्य मतदाता हैं। नगर निगम रतलाम में कुल मतदाता 2 लाख 14 हजार 337 मतदाता हैं। इसमें एक लाख 7 हजार 166 पुरुष और एक लाख 7 हजार 167 महिला तथा 4 अन्य मतदाता हैं।
संबंधित क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश
राज्य शासन द्वारा 13 जुलाई को जिन नगरीय निकायों में चुनाव है, वहां पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

