यूक्रेन की लंबी दूरी वाली ड्रोन हमलों की नवीनतम कड़ी ने रूस के ऊर्जा क्षेत्र पर गहरा प्रहार किया है। तातारस्तान स्थित सिबुर के स्वामित्व वाले निझ्नेकाम्स्कनेफ्तेखिम परिसर पर हुए हमले में आग लग गई। यह सुविधा सिंथेटिक रबर और प्लास्टिक के प्रमुख उत्पादकों में से एक है तथा रूस की पेट्रोकेमिकल क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मोर्चे से लगभग 1200 किलोमीटर दूर स्थित यह लक्ष्य यूक्रेन की बढ़ती पहुंच और रणनीतिक परिपक्वता को रेखांकित करता है।
यह हमला अक्टूबर के अंत से चले आ रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। विश्लेषकों के अनुसार यह युद्ध की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई है, जिसका उद्देश्य केवल रिफाइनरियों को नहीं, बल्कि तेल आपूर्ति श्रृंखला की हर कड़ी को बाधित करना है। नोवोकुइबिशेवस्क, ऊफा, कस्तोवो, यारोस्लाव्ल, रियाजान, ओम्स्क, वोल्गोग्राड सहित कई प्रमुख रिफाइनरियों तथा बाल्टिक निर्यात बंदरगाह उस्त-लुगा पर प्रहार किए गए हैं। परिणामस्वरूप रूस की पेट्रोल और डीजल उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है तथा शोधन क्षमता में लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट आई है।
ओपेक और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के आंकड़े दर्शाते हैं कि पिछले एक वर्ष में रूसी तेल उत्पादन में लगभग छह लाख बैरल प्रतिदिन की कमी आई है। निर्यात से प्राप्त राजस्व युद्ध के लिए जरुरी संसाधन जुटाने और बेतहाशा खर्च करने का मुख्य स्रोत है। केवल रिफाइनरियों पर हमले कच्चे तेल को निर्यात की ओर धकेलते हैं, जबकि केवल बंदरगाहों पर प्रहार भंडारण बढ़ाते हैं। यूक्रेन दोनों पर एक साथ दबाव बनाकर कुओं तक पहुंचने वाली श्रृंखला को तोड़ने का प्रयास कर रहा है। रूसी भूविज्ञान भी प्रतिकूल है, अगर रूसी तेल के कुओं को कुछ महीने बंद रखना पड़ा तो उत्पादन बहाल करना आसानी से नहीं हो पायेगा।


