Indore News – 1
6 महीने में भी रेलवे स्टेशन का रैंप नहीं बना, पार्क रोड स्टेशन पर बंद रहती है स्केलेटर्स

इंदौर। इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर जाने वाले रास्ते का रैंप छह महीने बाद भी नहीं बन सका है। यात्रियों को सामान लाने ले जाने में परेशानी होती है। गर्मी बढ़ने से यात्री पसीने में नहाने को मजबूर हैं। नए रेल्वे स्टेशन नेहरू पार्क रोड पर भी बुरी हालत है। कुछ कुलियों ने अपना धंधा चलाने के लिए स्केलेटर्स बंद करवा दिए हैं। स्केलेटर्स को चलाने वाले से उनकी सेटिंग की शिकायत यात्री मनोज परमार ने की। यहां भी चढ़ाव पर सामान सहित उतरते चढ़ते हांफते पसीना पसीना यात्री देखे जा सकते हैं। या तो खुद अपना सामान जैसे तैसे उठाओ या फिर कुलियों को मुहंमांगा पैसा दो। यहां पर ऑटो रिक्शा वालों की मनमानी भी खूब होती है। यातायात पुलिस यहां कभी नजर नहीं आती है। मनमाना किराया वसूलने वाले, बिना मीटर ऑटो चलाने वालों पर नकेल नहीं कसी जाने का नतीजा है कि वे बेलगाम हो गए हैं।
Indore News – 2
अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन डाक विभाग द्वारा – आवेदन की अंतिम तिथि 7 मार्च

इन्दौर। प्रवर अधीक्षक डाकघर, इन्दौर नगर संभाग श्रीनिवास जोशी द्वारा बताया गया है कि डाक विभाग अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता वर्ष 2022 में ऑफलाईन के साथ-साथ घर से शामिल होने की सुविधा दे रहा है । भारतीय डाक विभाग द्वारा 13 मार्च 2022 को इन्दौर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान समय में कोविड-19 महामारी से सुरक्षा उपायों को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग उक्त पत्र लेखन प्रतियोगिता में ऑफलाईन प्रतियोगिता के साथ-साथ घर बैठे शामिल होने की सुविधा भी दे रहा है। पत्र लेखन का विषय “Write a letter to someone influential explaining why and how they should take action on the climate crisis” /”प्रभावशाली व्यक्ति को यह बताते हुये पत्र लिखे की उन्हें जलवायु संकट पर क्यों और कैसे कार्यवाही करनी चाहिए”। इस प्रतियोगिता में 09 वर्ष से लेकर 15 वर्ष के आयु तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
परिमण्डल स्तर पर प्रथम तीन विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: 25 हजार रुपये, 10 हजार रुपये एवं 5 हजार रूपये तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 50 हजार रुपये, 25 हजार रुपये एवं 10 हजार रूपये तथा एक प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों को चयनित करेगा तथा सर्वोत्तम 03 प्रविष्टियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदाय किया जायेगा। साथ ही वैश्विक डाक संघ द्वारा चयनित प्रतिभागियों को अन्य पुरस्कार भी प्रदाय किए जाएंगे। स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को वैश्विक डाक संघ के मुख्यालय बर्न, स्विट्जरलैंड की यात्रा करने का प्रस्ताव या एक वैकल्पिक पुरस्कार यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के विवेकाधिकार पर निश्चित किया जायेगा। ऑफलाइन भाग लेने के लिये निर्धारित प्रारूप में भरे हुए आवेदन संबंधित विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से प्रवर अधीक्षक डाकघर, इन्दौर नगर संभाग के कार्यालय में प्राप्त होने की अंतिम तिथी 07 मार्च 2022 है।
परिमण्डल स्तर पर प्रथम तीन विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: 25 हजार रुपये, 10 हजार रुपये एवं 5 हजार रूपये तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 50 हजार रुपये, 25 हजार रुपये एवं 10 हजार रूपये तथा एक प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों को चयनित करेगा तथा सर्वोत्तम 03 प्रविष्टियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदाय किया जायेगा। साथ ही वैश्विक डाक संघ द्वारा चयनित प्रतिभागियों को अन्य पुरस्कार भी प्रदाय किए जाएंगे। स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को वैश्विक डाक संघ के मुख्यालय बर्न, स्विट्जरलैंड की यात्रा करने का प्रस्ताव या एक वैकल्पिक पुरस्कार यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के विवेकाधिकार पर निश्चित किया जायेगा। ऑफलाइन भाग लेने के लिये निर्धारित प्रारूप में भरे हुए आवेदन संबंधित विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से प्रवर अधीक्षक डाकघर, इन्दौर नगर संभाग के कार्यालय में प्राप्त होने की अंतिम तिथी 07 मार्च 2022 है।
Indore News – 3
सन्मति स्कूल रेडियो कालोनी में विज्ञान सप्ताह के दौरान प्रदर्शनी सहित विभिन्न आयोजन

इन्दौर। रेडियो कालोनी स्थित सन्मति स्कूल में साइंस एंड टेक्नालाजी फॉर सस्टेनेबल फ्यूचर थीम पर नव स्थापित अटल टिकरिंग लेब के माध्यम से विज्ञान सप्ताह में कक्षा छठी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया। विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. अर्चना शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्या पिंकी जोशी एवं उप प्राचार्या अदिति अरोरा ने भी दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग की सीख दी। विद्यालय के शिक्षकों राहुल खंडेलवाल, किरण पोरवाल, निशांत अग्रवाल एवं इंस्टा प्रिंटज के प्रतीक संचेती, अंकित रजक और सचिन जोशी के मार्गदर्शन में बच्चों ने थ्री डी प्रिंटर, रोबोटिक्स, संवेदी प्रौद्योगिक कीट, इंटरनेट ऑफ थींग्स आदि अनेक माडल्स का प्रदर्शन किया। छात्रों के साथ उनके पालकों ने भी प्रदर्शनी की सराहना की। स्कूल में साइक्लोथान फॉर टेक्नोजेन का आयोजन भी किया गया, जिसमें कक्षा 8वीं से 12वीं तक के बच्चों ने साइकिल रैली निकाली। विज्ञान सप्ताह के तहत आयोजित स्पर्धाओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Indore News – 4
व्यापार के लिये जिले में प्रदान किया जायेगा स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण : संभागायुक्त डॉ. शर्मा
इन्दौर। सियागंज के व्यापारियों के साथ हुए अवैधानिक व्यवहार के मामले में जिला प्रशासन द्वारा अविलम्ब की गई कार्रवाई से इन्दौर के व्यापारीगणों में प्रसन्नता का माहौल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की गई सहायता और व्यापारियों के मनोबल बढ़ाने के लिये किये गये प्रयासों हेतु बुधवार को व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा को सम्मानित कर आभार प्रकट किया गया। गत दिवस व्यापारियों द्वारा इन्दौर एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी अभिनंदन किया गया था।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रतिबद्धता एवं मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुरूप जिले में व्यापारियों को व्यापार के लिये स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण प्रदान किया जायेगा। जिससे वे निर्भीक होकर अपना व्यापार कर सकें।
Indore News – 5
शिवोदया वेलफेयर सोसायटी द्वारा गीता भवन में निःशुल्क नेत्र शिविर
इन्दौर। शिवोदया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में समाजसेवी स्व. रामदेव मन्नालाल अग्रवाल की पुण्य स्मृति में शंकरा आई सेंटर के सहयोग से मंगलवार 8 मार्च को सुबह 9 बजे से मनोरमागंज स्थित गीता भवन में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं आपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर संयोजक नितिन-भावना अग्रवाल एवं प्रेरणा अग्रवाल ने बताया कि शिविर में आने वाले जरुरतमंद मरीजों से आधार कार्ड, पूर्व में किए गए उपचार एवं दवाइयों के विवरण सहित 8 मार्च को सुबह 9 बजे सीधे गीता भवन आकर संपर्क करने के लिए आग्रह किया गया है। शिविर में प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता गुप्ता, डॉ. मधुमिता प्रसाद, डॉ. अंकित देवकर एवं डॉ. नरेन्द्र वाला अपनी टीम के साथ मरीजों का परीक्षण करेंगे और चयनित मरीजों के आपरेशन शंकरा आई सेंटर पर किए जाएंगे। मरीजों के ऑपरेशन, चश्मा, दवाइयां, चाय-नाश्ता एवं भोजन की सेवा निःशुल्क रहेगी।
Indore News – 6
ओखला के अखिलेश्वर मठ में 46 वर्षों से निरंतर जारी है रामचरितमानस का अखंड पाठ, बना विश्व कीर्तिमान
इन्दौर। 46 वर्षों से निरंतर (1976) से रामचरितमानस के अखण्ड पाठ के लिए अखिलेश्वर मठ, ओखला गांव, जिला खरगोन, मध्य प्रदेश को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में शामिल किया गया। जिसका प्रमाण-पत्र बड़ौदा, गुजरात की लोकसभा सांसद श्रीमती रंजनबेन भट्ट ने मठ प्रमुख सुभाष प्रसाद पुरोहित को प्रदान किया। इस अवसर पर सचिन बिरला (विधायक, बडवाह ), प्रहलाद सिंह कन्नौजे (विधायक, बागली), विनोद दीक्षित (एसडीओपी, बडवाह), गिरिश पुरोहित सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे। उक्त जानकारी संतोष शुक्ला, एडवोकेट (प्रेसीडेंट, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ) ने दी।
उल्लेखनीय है कि अखिलेश्वर मठ पर पिछले 46 वर्षों से निरंतर रामचरितमानस का अखण्ड पाठ किया जा रहा है। अखिलेश्वर मठ को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में शामिल किए जाने पर वीरेन्द्र शर्मा (सांसद, इंग्लैण्ड), विली जैजलर (हेड, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूरोप), डॉ. दिवाकर सुकुल (चेयरमैन, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन) सहित समस्त पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी।

