Indore Top News Hindi – इंदौर समाचार |

sadbhawnapaati
5 Min Read

Indore News – 1

मल्हारगंज उत्सव रेसीडेंसी पर आज गोबर के कंडों का निःशुल्क वितरण 

इन्दौर। किष्किंधा गौशाला में निर्मित गोबर के लगभग 10 हजार कंडों का होलिका दहन के लिए गुरुवार 17 मार्च को मल्हारगंज तेली बाखल की उत्सव रेसीडेंसी पर महंत गिरधारीलाल के सानिध्य में अग्रवाल युवा मंडल के तत्वावधान में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निःशुल्क वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र गर्ग एवं रजत गर्ग ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस बार भी  होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निःशुल्क कंडों का वितरण किया जाएगा। संस्थाओं से आग्रह  किया गया है कि वे कंडे ले जाने के लिए पर्याप्त वाहन आदि का प्रबंध सुनिश्चित कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

Indore News – 2

आयुष क्योर एप को स्कॉच अवार्ड 

इन्दौर। आयुष विभाग के टेलीमेडिसिन एप ‘आयुष क्योर’ को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ‘वैद्य आपके द्वार’ योजना में विकसित आयुष क्योर एप को प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में विषय-विशेषज्ञों तथा प्रबंधन विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया। इसे जन-सामान्य में अधिक से अधिक प्रचारित करने का सुझाव भी दिया गया है।
आयुष विभाग का यह एप गुगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही आयुष डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। एप के द्वारा ही रिपोर्ट भेजने तथा उपचार संबंधी दिशा-निर्देश प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है। मध्यप्रदेश में अब तक 37 हजार से ज्यादा यूजर द्वारा आयुष क्योर एप डाउनलोड किया जा चुका है। एप पर बुकिंग करने वालों में से 88 प्रतिशत लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया है। आयुष विभाग द्वारा शुरू की गई ‘‘वैद्य आपके द्वार‘‘ योजना के जरिये घर बैठे आयुष चिकित्सा विशेषज्ञ से लाइव वीडियो कॉल द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श लिया जा रहा है।

Indore News – 3

त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 अप्रैल को 

इन्दौर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आगामी निर्वाचन के लिए 1 जनवरी 2022 की सं
दर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 अप्रैल को किया जाएगा।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग बी.एस. जामोद ने जानकारी दी है कि फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जाएगा। दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा।

Indore News – 4

एक बार फिर ‘भौंगर्या हाट’ में शामिल होंगे मुख्यमंत्री – 

बड़वानी/इन्दौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 मार्च गुरूवार को एक बार फिर ‘भौंगर्या हाट’ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री चौहान दोपहर बाद बड़वानी जिले के पाटी पहुंचेंगे। इसके मद्देनजर बुधवार को कलेक्टर बड़वानी शिवराज सिंह वर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार डामोर ने पाटी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, हेलीपेड पर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान गत 15 मार्च को झाबुआ जिले के थांदला में भौंगर्या पर्व में शामिल हुए थे।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री चौहान के 17 मार्च के इस दौरे के लिये बोकराटा रोड़ पर हैलीपेड बनाया गया है। भौंगर्या चल समारोह आईटीआई कालेज से प्रारंभ होकर स्वामी विवेकानंद शिक्षा निकेतन परिसर पाटी के मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा। जहां पर जनजातीय बन्धु अपने पराम्परागत तरीके से मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत ढोल-मादल से करेंगे। इस दौरान जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, म.प्र. संस्कृति परिषद्, भोपाल द्वारा 75वें आजादी अमृत महोत्सव के तहत बड़वानी जिले के भौंगर्या हाटों में भौंगर्या उत्सव करने हेतु भेजे गये विभिन्न जिलों के दलों द्वारा गोण्ड, बैगा, कोरकू, भील, भारिया जनजातियों के नृत्यों का प्रदर्शन भी किया जायेगा। इस दौरान जिले के दो दर्जन से अधिक ग्रामों से आये ढोल-मादल पर जनप्रतिनिधियों, स्थानीय जनजातीय भाईयों द्वारा भी अपना परम्परागत भोंगर्या नृत्य प्रस्तुत किया जायेगा।
Share This Article