Indore Top News Hindi – इंदौर समाचार हिंदी

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
4 Min Read

Indore News – 1

 

नगरीय निकायों की मतदाता सूची का होगा पुनरीक्षण, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आज 


इन्दौर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2022 के द्वितीय चरण के शेष कार्य एवं अंतिम चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 4 अप्रैल 2022 को किया जायेगा।
दावा आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति 11 अप्रैल तक (अपरान्ह 3 बजे तक) लिये जायेंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 16 अप्रैल तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 25 अप्रैल 2022 को होगा। नवगठित नगरीय निकायों और ऐसे नगरीय निकाय जिनमें क्षेत्र विस्तार किया गया है, किन्तु वार्डों का विभाजन शेष है, वहाँ मतदाता सूची का कार्यक्रम अलग से जारी किया जायेगा।

Indore News – 2

 

पेयजल संकट की स्थिति से निपटने हेतु पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ गठित

इंदौर। जिले में ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट की स्थिति से निपटने हेतु पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ, कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी इंदौर ने बताया कि प्रकोष्ठ में प्रात: 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक कर्मचारी कार्यरत रहेंगे। प्रथम शिफ्ट प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगी, जिसमें मुख्य अभियंता कार्यालय लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के समयपाल श्री सौरभ निगम कार्यरत रहेंगे। इसी तरह द्वितीय शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगी, जिसमें मुख्य अभियंता कार्यालय लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्टेनो टाइपिस्ट श्री एम.के. त्रिपाठी कार्यरत रहेंगे। प्रकोष्ठ का दूरभाष नम्बर 0731-2541498 रहेगा। 
 प्रकोष्ठ का दायित्व पेयजल समस्या के संबंध में प्राप्त शिकायत का विवरण पंजी में संधारित करना, प्राप्त शिकायत की जानकारी संबंधित कार्यपालन यंत्री को देना, समस्त शिकायतों की जानकारी तकनीकी शाखा प्रभारी को नियमित रूप से देना, भीषण पेयजल संकट अथवा विशेष परिस्थिति उत्पन्न होने पर मुख्य अभियंता को अवगत कराना आदि रहेगा।
 
 

Indore News – 3

 

विवाद से विश्वास योजना की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ी

इंदौर। मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बिना सम्मति प्राप्त संचालित उद्योगों और संस्थानों के लिये लागू ‘विवाद से विश्वास’ योजना की अवधि 30 अप्रैल, 2022 तक बढ़ा दी है। पूर्व में यह अवधि एक जनवरी से 31 मार्च, 2022 तक थी। मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे उद्योग, जिनके द्वारा कभी भी सम्मति नहीं ली गई है, उनको प्रथमत: स्थापना सम्मति प्राप्त करनी होगी। साथ ही जिन उद्योगों ने स्थापना और उत्पादन की सम्मति ली है, लेकिन उसका नवीनीकरण नहीं कराया है, वे भी उक्त योजना अवधि में आवेदन कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। एक जनवरी से 31 मार्च, 2022 तक की अवधि में सम्मति आवेदन करने वाले उद्योगों पर पूर्व वर्षों की अवधि के लिये देय स्थापना/उत्पादन सम्मति की शुल्क दरें वर्तमान विनिधान राशि पर देय होंगी। विलंब शुल्क देय नहीं होगा।

Indore News – 4

 

फोटो निर्वाचक नामावली कार्यों की प्रगति की संभागीय समीक्षा बैठक 5 अप्रैल को

इंदौर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री अनुपम राजन की अध्यक्षता में संभाग के सभी जिलों की फोटो निर्वाचक नामावली के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक 5 अप्रैल 2022 को आहूत की गई है। बैठक प्रात: 11:30 बजे इंदौर संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। संभागायुक्त डॉ. शर्मा द्वारा सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक को उक्त बैठक में एजेंडा अनुसार जानकारी सहित नियत समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिये गये।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।