इंदौर। इंदौर जिले के किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाने और उन्हें नई तकनीकी और नये उपकरणों की जानकारी देने के लिये कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
यह चार दिवसीय प्रदर्शनी 8 अप्रैल से शुरू होगी जो 11 अप्रैल को सम्पन्न होगी। यह प्रदर्शनी पूर्णत: नि:शुल्क है। इसमें कोई भी किसान शामिल हो सकता है।
उप संचालक कृषि एस.एस. राजपूत ने बताया कि खेती-किसानी में नई तकनीकों और नवाचारों के बारे में जानकारी के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय इंदौर में चार दिवसीय कृषि प्रदर्शनी लगाई जा रही है।
कृषि महाविद्यालय, पिपल्या हाना रोड, लालाराम नगर, इंदौर में 8 से 11 अप्रैल 2022 तक फार्मटेक एशिया-मध्यप्रदेश की प्रमुख कृषि प्रदर्शनी और सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में किसानों को खेती से संबंधित नई तकनीकों और नवाचारों के बारे में जानकारी दी जायेगी।
नवीन तकनीक अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकेंगे। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। किसानों से अपील की गई है कि वे इस प्रदर्शनी में आयें और अपनी आय बढ़ाने हेतु नवाचारों को सीखें।