इंदौर. सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान-दुकान बनाने वालों के खिलाफ मंगलवार सुबह नगर निगम ने कार्रवाई की। बुलडोजर चलाकर निगम की रिमूवल गैंग ने कब्जा हटाया।
तोड़फोड़ को लेकर पहले ही नगर निगम ने सूचना दे दी थी। इसके बाद सुबह मकान-दुकान से सामान खाली करवाया और बाद में बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान तैनात रहा पुलिस बल
जानकारी के मुताबिक एमजी रोड पर सरकारी मराठी स्कूल को तोड़कर कला संकुल का निर्माण किया गया है। संकुल की पार्किंग में खड़ी होने वाली गाड़ियों को निकलने के लिए रास्ता नहीं था।

यहां मकान व दुकान बन गए थे। रास्ता देने को लेकर मंगलवार सुबह नगर निगम का रिमूवल अमला बाधक निर्माण हटाने पहुंचा। एमजी रोड थाने के पास बनी बहुमंजिला पार्किंग के पीछे और पास से गई गली में तोडफ़ोड़ कर संकुल को रास्ता दिया जाएगा।
निगम ने इस दौरान अपना पुराना टिकट घर भी तोड़ा। इसके साथ ही 15 मकान, दुकान और गोडाउन का कब्जा हटाया।
कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी, 30 से 40 निगमकर्मी, रिमूवल उपायुक्त लता अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए अधिकारी व पुलिस बल तैनात रहा।

