इंदौर। शहर के मल्हारगंज क्षेत्र में लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां समुदाय विशेष के युवक ने लॉ की पढ़ाई कर रही लड़की को गलत नाम बताकर पहले दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। लड़की को खंडवा और महाराष्ट्र के अकोला में अपने साथ एक महीने से भी ज्यादा समय तक रखा। इसके बाद इंदौर के ब्राह्मण समाज ने पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए कमिश्नर हरिनारायण चारी से मुलाकात की। इसके बाद लड़की को 24 घंटे के अंदर अकोला से बरामद कर लिया गया।
समाज ने युवती को ढूंढ़ कर लाने वाले को 51 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी की जानकारी उनके सामने नहीं आ पाई है। मंगलवार सुबह युवती को लेकर आई टीम ने उसे फिलहाल परिवार के सुपुर्द किया है। बाद में उसकी काउंसिलिंग कर आरोपी की जानकारी ली जाएगी।
मां ने दर्ज कराई थी अपहरण शिकायत
मल्हारगंज थाने की एसआई रेखा यादव के मुताबिक 29 अप्रैल को जनता कॉलोनी में रहने वाली एक महिला उनके पास आई थी। महिला ने बताया था कि उसकी 22 साल की बेटी का सोहेल खान निवासी चंदन नगर अपहरण कर साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी। लड़की ने कुछ दिन बाद अपनी मां से मोबाइल पर संपर्क किया और घर आने की बात कही। जिसके बाद वह मां के लगातार संपर्क में थी, लेकिन घर आने की बात पर मां को टालती रही। पुलिस ने लड़की के मोबाइल की लोकेशन निकाली तो वह महाराष्ट्र के अकोला में मिली। यहां से उसे रेस्क्यू कर इंदौर लाया गया। उसने बयान में सोहेल के साथ मर्जी से जाने की बात कबूली है।
सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती
लड़की ने बताया कि स्कूल जाने के दौरान सोहेल उसे रास्ते में मिलता था। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी दोस्ती हो गई थी। बाद में युवती उससे मिलने-जुलने लगी। उसने बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है। लेकिन उसने अपना नाम शानू बताया था। बाद में लड़की लॉ की पढ़ाई करने लगी। कुछ दिन बाद सोहेल ने उससे प्यार का इजहार कर शादी का प्रस्ताव रखा और अपने साथ रिश्तेदार महिला के यहां खंडवा ले गया। करीब 15 दिन वहां रहने के बाद वह उसे अकोला लेकर आ गया।
मां को लगी जानकारी तो मोबाइल तोड़ा
सोहेल के बारे में लड़की की मां को जानकारी लग गई थी। इस पर मां ने बेटी का मोबाइल तोड़ दिया था। अगले ही दिन युवती सोहेल के साथ चली गई। दोनों ने अकोला की कोर्ट में शादी के लिए अर्जी भी लगाई थी। लड़की जिस नंबर से मां से बात कर रही थी, उसके बारे में पुलिस ने जानकारी निकाली तो वह सोहेल का निकला। इधर पुलिस का दबाव बढ़ने पर सोहेल उक्त मोबाइल के साथ युवती को अकोला में थाने के बाहर छोड़ गया।
समाज के लोगों ने रखा था इनाम, आरोपी की जानकारी नहीं
ब्राह्मण समाज के लोगों ने आरोपी सोहेल को लेकर इनाम की घोषणा की थी। कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र से भी बात की गई थी। इस पर पुलिस हरकत में आई। यहां से युवती की कॉल डिटेल निकाली और उस तक पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।