इंदौर। शहर में एक बार फिर धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित सुपर कॉरिडोर के पास ग्रेटर बाबा जैन मंदिर (नवग्रह जिनालय) में देर रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपए की चोरी कर ली। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
देर रात घुसे, 42 मिनट तक मंदिर में रहे
जानकारी के मुताबिक, चोर रात करीब 2:18 बजे मंदिर में दाखिल हुए और लगभग 42 मिनट तक अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने सुनियोजित तरीके से मंदिर में रखी कीमती धार्मिक वस्तुओं को निशाना बनाया।
चोरी हुए सामान में चांदी और अष्टधातु की मूर्तियां शामिल
बदमाश 5 चांदी की मूर्तियां, 4 अष्टधातु की मूर्तियां, एक मिश्र धातु की मूर्ति, एक शिला, 2 शांति धारा, 25 से 28 कलश, एक छत्र, पांडूशाला से संबंधित सामग्री और अन्य बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है।
सुबह खुला मंदिर, तब सामने आई वारदात
घटना का खुलासा सुबह मंदिर खुलने पर हुआ। जैसे ही पुजारी और श्रद्धालु अंदर पहुंचे, सामान गायब देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
प्राथमिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले मंदिर की रेकी की और सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जल्द खुलासे का दावा
डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने कहा कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
मंदिर प्रबंधन ने वीडियो जारी कर दी जानकारी
दिगंबर जैन नवग्रह मंदिर, ग्रेटर बाबा के मंत्री अशोक काला जैन ने वीडियो जारी कर घटना की जानकारी दी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिरों में सीसीटीवी, गार्ड और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।


