Indore Top News in Hindi – आज के मुख्य समाचार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
8 Min Read

Contents

Indore Top News in Hindi-1 

बेहोश पति को पत्नी लेकर पहुंची अस्पताल, मौत

इंदौर। इंदिरा नगर में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालातो में मौत हो गई। मामला मल्हारगंज क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम राजेश पिता दयाराम 40 साल निवासी इंदिरा नगर है। पुलिस के मुताबिक राजेश को पत्नी कविता बेहोशी की हालत में एम अस्पताल ले गई , जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया । पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा । पुलिस मल्हारगंज मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है ।

Indore Top News in Hindi-2

शहर में वाहन चोर फिर सक्रिय, 10 गाड़ियां चोरी

 इंदौर। नगरीय निकाय चुनाव में पुलिस की व्यस्तता के चलते बाईक चोर सक्रिय हो.शहर मे विभिन्न स्थानों से कल रात दस गाड़ियां ले उड़े अकेले विजयनगर थाना क्षेत्र से तीन गाड़ियां चोरी हुई। शहर में वाहन चोर पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए है लॉकडाउन में भी वाहन चोरी पर रोक नहीं लग पाई थी। पुलिस ने हालांकि देवास में कंजरों के डेरों और धार-टांडा में आदिवासी गिरोह के यहां छापे मारे और कई वाहन चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में वाहन जब्त किए थे। इसके चलते पहले जहां रोजाना एक दर्जन गाड़ियां चोरी होती थीं , उसमें कमी आई थी। इसके बाद कुछ माह से शहर में आधा दर्जन गाड़ियां चोरी हो रही थीं । कुछ हद तक पुलिस ने इस पर नियंत्रण कर लिया था , लेकिन पंचायत और नगर निगम चुनाव के चलते पुलिस फिर व्यस्त हो गई । कल विजयनगर थाना क्षेत्र से तीन गाड़ियां चोरी हुईं । इसके अलावा भंवरकुआं , हीरानगर , छोटी ग्वालटोली , परदेशीपुरा , कनाड़िया , लसूड़िया और एरोड्रम क्षेत्र से एक एक गाड़ी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई।

Indore Top News in Hindi-3

नाना के घर छुट्टियों में आए नाती की डूबने से मौत

इंदौर। नाना के घर छुट्टियां मनाने आए बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई । शव को तालाब से निकाल पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। एरोड्रम पुलिस ने बताया कि बीएसएफ कैंपस कॉलोनी में रहने वाले नाना के घर राजस्थान निवासी 8 वर्षीय विनय प्रतापसिंह छुट्टियां मनाने आया था । कैम्पस स्थित तालाब में खेलते समय बच्चे का पैर फिसला और वह पानी में डूब गया । काफी देर तक वह घरवालों को नहीं दिखा तो उसकी खोजबीन शुरू की । बाद में वह पानी में डूबा मिला । बीएसएफ के जवानों ने उसे बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया ।

Indore Top News in Hindi-4

आत्महत्या – पत्नी से विवाद या काम का तनाव

इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक युवक के जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक पर काम के अत्यधिक दबाव के कारण तनाव होने के साथ पत्नी से विवाद की भी बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार दवा सप्लाई करने वाले एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। विजय नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर में रहने वाले रवि पिता संतोष परमार को जहर खाने के चलते एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह दवा सप्लाई करने का काम करता था। बीते कुछ दिनों से पत्नी से भी उसका विवाद चल रहा था। रवि ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस इसका पता लगा रही है।

Indore Top News in Hindi-5

जाल सभागृह में आज स्व. श्यामदास अग्रवाल की स्मृति में डॉ. निशांत खरे का व्याख्यान 

इन्दौर। वरिष्ठ समाजसेवी, कर्मयोगी एवं दानवीर सेठ स्व. श्यामदास अग्रवाल की स्मृति में सोमवार 27 जून को जाल सभागृह में सायं 7 बजे से शहर के प्रख्यात प्लास्टिक सर्जन एवं विचारक डॉ. निशांत खरे का ‘आज के समय में कुटम्ब का महत्व’ विषय़ पर उदबोधन होगा। कार्यक्रम संयोजक रामदास गोयल, कृष्णकुमार अष्ठाना, राधेश्याम गुरुजी एवं ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि स्व. श्यामदास ने अपने जीवनकाल में मां भारती के सेवक, रामभक्त और विनम्र व्यक्तित्व से शहर की अनेक संस्थाओं को जीवंत बनाए रखा है। उनके मित्रों और स्नेहीजनों ने यह आयोजन रखा है। कार्यक्रम में स्व. श्यामदासजी के सभी मित्रों व प्रशंसकों को आमंत्रित किया गया है।

Indore Top News in Hindi-6

कक्षा दसवीं की विज्ञान विषय की पूरक परीक्षा 2 जुलाई को 

इन्दौर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित वर्ष 2022 की हाईस्कूल पूरक परीक्षा के विज्ञान विषय की परीक्षा अब 2 जुलाई को होगी। पूर्व में यह 1 जुलाई 2022 को निर्धारित थी। परीक्षा कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2022 की समय सारणी को दृष्टिगत रखते हुए संशोधन किया गया है। शेष विषय की परीक्षाएँ निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ही ली जायेगी।

Indore Top News in Hindi-7

पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में डिप्लोमा इंजीनियरिंग में प्रवेश अब 10वीं की मेरिट पर होगा 

इन्दौर। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में मध्यप्रदेश के पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों में संचालित डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश कक्षा 10+2 की 10वीं की परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किये जायेंगे। पूर्व में प्रवेश परीक्षा (पीपीटी) प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड द्वारा की जाती थी।
 

Indore Top News in Hindi-8

मतदाताओं से चुनाव मोबाइल एप का उपयोग करने की अपील 

इन्दौर। नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत चुनाव मोबाइल एप बनाया गया है। इस ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम सर्च करना, अभ्यर्थी की जानकारी एवं चुनाव परिणाम की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। एप पर अभ्यर्थी की जानकारी एवं चुनाव परिणाम की जानकारी निर्वाचन प्रचलन होने पर देखी जा सकेगी।
चुनाव मोबाइल एप को आयोग की वेबसाइट एवं गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह एप एंड्राइड प्लेटफार्म पर ही रन होगा।

Indore Top News in Hindi-9

ईवीएम का मतदान केन्द्रवार हुआ रेंडमाइजेशन 

इन्दौर। इंदौर जिले में नगरीय निर्वाचन की व्यापक तैयारियां जारी है। जिले में आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा बैलेट यूनिट (बीयू) का मतदान केन्द्रवार रेंडमाइजेशन कलेक्टर कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर मनीष सिंह और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक एस.बी. सिंह सहित अभ्यर्थी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। ज्ञात रहे है कि गत 22 जून इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा बैलेट यूनिट (बीयू) का जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर से सहायक रिटर्निंग अधिकारी स्तरवार रेंडमाइजेशन किया गया था।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।