इंदौर। जानापाव पहाड़ी पर हादसे में इंदौर के एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई। वे दर्शन करने के लिए लोडिंग रिक्शा से जानापाव गए थे। वापसी में उनकी गाड़ी का सुतलन बिगड़ा और वह आगे जाकर पलट गई। इस हादसे में छह अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए बड़े अस्पताल लाया गया है।
गांधी नगर का एक परिवार लोडिंग वाहन में जानापाव मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दोपहर 2 बजे परिजन वापस लौट रहे थे, तभी पहाड़ी उतरते समय ऑटो पहाड़ी से उतर कर पलटी खा गया। हादसे में चिराग पिता महेंद्र (12) निवासी गांधी नगर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं घायलों में रामनारायण पिता गोपी प्रजापत (60) ने एमवायएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में नब्बूबाई पति रामनारायण (55), हर्षिता पिता प्रकाश (30), महेंद्र पिता करतारसिंह (38), आनंदीबाई (60), भावना पति महेंद्र (35) और मयंक पिता महेंद्र सभी निवासी गांधी नगर घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस का दल भी वहां पर पहुंच गया था।
घायलों को वहां से निकाल कर अस्पताल भेजा गया। इनमें दो को एमवायएच और चार का मानपुर सामुदायिक केंद्र में इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण एसपी भगवत प्रसाद बिरदे भी मौके पर पहुंचे थे।
उन्होंने घटनास्थल देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में लोडिंग रिक्शा के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनका आरोप है कि तेज गति से गाड़ी चलाकर लाया और उसे पलटा दी।
आरटीओ ने दर्ज कराया केस
जानापाव में हुए इस हादसे को लेकर आरटीओ जितेंद्रसिंह रघुवंशी भी वहां पर पहुंचे थे। उन्होंने घटना स्थल देखा और इसके बाद रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि एक तो लोडिंग गाड़ी में सवारी बैठा रखी थी साथ ही एक सवारी को आगे अपने साथ बैठा रखा था। इसके बाद उसमें सामान भी भर रखा था। इसी के चलते उसका संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हो गया।
एक पलटा और दूसरा वापस आ गया
पुलिस और आरटीओ का दल घटना स्थल पर जांच कर रहा था इसी दौरान एक और लोडिंग रिक्शा वहां पर आया। उसमें भी सामान भरा हुआ था। इसके साथ ही लोग भी थे। इस पर आरटीओ ने उसे रोका और पुलिस की मदद से उसे थाने पर खड़ा कराया।
अब नहीं जाने दी जाएगी गाड़ी
आरटीओ रघुवंशी ने बताया कि यहां पर खतरनाक मोड़ है। इसी के चलते हादसे हो रहे हैं। एसपी भगवतङ्क्षसह के साथ में घटना स्थल देखा गया है। यह तय किया गया है कि यहां पर छोटी गाडिय़ों के जाने पर रोक लगा दी जाएगी। इसके बाद खतरे को दर्शाते हुुए बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। शनिवार और रविवार को यहां पर पुुलिस जवान की तैनाती भी की जाएगी।