- होहिं सगुन सुभ बिबिधि बिधि बाजहिं गगन निसान।
- पुर नर नारि सनाथ करि भवन चले भगवान॥
अयोध्या। इस प्रभु राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव पर दीयों की रोशनी के साथ फूलों की खुशबू भी फैलेगी। प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर पूरी अयोध्या दुल्हन की तरह सज गई है। अयोध्या का जो नजारा है वो त्रेता वाली अयोध्या का है। लोगों में उत्साह है।
भगवान राम लला के परिसर को फूलों से सजाया जा रहा है। अयोध्या में एक ओर रामलला के मंदिर निर्माण की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, दूसरी ओर दीपोत्सव के मौके पर अयोध्या को सजाने की विशेष तैयारियां चल रही हैं।
भगवान राम लला के परिसर को सजाने में 500 क्विंटल फूल लगाए जा रहे हैं। राम जन्म भूमि मंदिर के जिस गेट से प्रधानमंत्री प्रवेश करेंगे, वहां से एक किलोमीटर लंबे मार्ग को दोनों तरफ फूलों से सजाया जाएगा।
मुख्य गेट पर फूलों की सजावट की जा रही है। इसके अलावा विराजमान रामलला के अस्थाई मंदिर को लगभग 200 क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा, जिसमें विदेशी फूलों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
भगवान राम लला के निर्माणाधीन स्थल पर फूलों की सजावट की जा रही है और फूलों की रंगोली बनाई जा रही है। साकेत महाविद्यालय से दीपोत्सव स्थल तक सड़क के मुख्य मार्ग पर भी फूलों की सजावट की जाएगी।
इसी महाविद्यालय के पास प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। दीपावली के मौके पर आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत अयोध्या में 17 लाख दीये जलाए जाएंगे। राम की पैड़ी पर करीब 12 लाख दीये जलाए जाएंगे।
इसके अलावा सरयू के अन्य 36 घाटों पर करीब 5 लाख दीयों को जलाया जाएगा। 22 हजार स्वयंसेवकों को इस कार्य के लिए लगाया गया है। ये स्वयंसेवक 15 मिनट में सभी 17 लाख दीयों को जलाएंगे।
यह अपने आप में रिकॉर्ड होगा। अयोध्या में दीपोत्सव पर विशेष सजावट के लिए आर्केट, अंथोनीयम, लिली, अलबेरा और काननेशन फूल विदेशों से मंगाए गए हैं।