इंदौर। राजेंद्र नगर पुलिस ने महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र छीनकर भागने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। शहर में चेन स्नैचिंग की घटना निरंतर सामने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दिन पहले एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते बताया था कि मैं रीजनल पार्क के सामने अमर पैलेस कॉलोनी में अपने घर जा रही थी तभी रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश मंगलसूत्र छीनकर ले गए। मामले में टीआई मनीष डावर ने टीम गठित कर टीम को घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया।
जिसके आधार पर पुलिस ने कल पंकज राठौर और आकाश निवासी राजनगर को पकड़ा और मामले में पूछताछ की तो दोनों ने महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने की वारदात कबूल की।
दोनों के पास से मंगलसूत्र और मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जूनी इंदौर , द्वारकापुरी सहित अन्य थाना क्षेत्रों से चेन व मंगलसूत्र लूट की घटना को अंजाम देना भी कबूला।


