सियासत ने किया हुक्मरानों को बदजुबान – सीएम ने कहा वोटों की भूख में पागल हो गए कमलनाथ

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
5 Min Read

पूर्व सीएम का पलटवार-यह सड़क छाप गुंडों की भाषा
MP news in Hindi। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2023 से पहले कांग्रेस व भाजपा के मध्य आरोप प्रत्यारोप का दौर अचानक बढ़ गया है। वहीं इसी दौरान शिवराज और कमलनाथ के मध्य जुबानी जंग भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर आरोप लगाया कि वोटों की भूख में पागल होकर मध्यप्रदेश को अशांति और वैमनस्य की खाई में धकेल रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने शिवराज की भाषा पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सड़क छाप गुंडों की भाषा बोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे तो आश्चर्य होता है कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता, पूर्व मुख्यमंत्री जब 2018 में मुख्यमंत्री नहीं थे, तो चुनाव के पहले से कह रहे थे। जोर-जोर से कह रहे थे कि मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90त्न वोट क्यों नहीं डलते, वोट डलवाओ नहीं तो नुकसान हो जाएगा।
उस समय का वीडियो दुनिया ने देखा है कि वो केवल वोटबैंक मानकर के काम करते हैं। क्या वोट के लिए लोगों को भड़काया जाएगा, धर्मों में और जातियों में? अभी परसों की घटना है कमलनाथ रोजा इफ्तार के समय फिर कह रहे हैं इस साल दंगे भड़क रहे हैं प्रदेश में… अरे कहां मध्यप्रदेश में दंगे भड़क रहे हैं? कहां मध्यप्रदेश में अशांति है? लेकिन वोटों की भूख में आप इतने पागल हो गए हैं कि आप मध्यप्रदेश को अशांति और वैमनस्य की खाई में झोंकना चाहते हैं?  क्या आप मन ही मन कामना करते हैं कि दंगे भड़क जाएं?
मध्यप्रदेश शांति का टापू है
शिवराज ने कहा कि अपना मध्य प्रदेश शांति का टापू है। प्रेम, स्नेह और सद्भाव के साथ मध्य प्रदेश की जनता रहती है। आपने देखा रामनवमी हो या हनुमान जयंती हो, पूरे प्रदेश में न केवल शांति बल्कि सौहार्द और सद्भाव के साथ मनाई गई लेकिन कांग्रेस को ये रास नहीं आ रहा है।
कांग्रेस चाहती है कि मध्यप्रदेश शांति का टापू न रहे, यहां दंगे-फसाद हों। पूर्व मुख्यमंत्री तो कोविड में शवों को देखकर प्रसन्न होते थे, लाशों को देखकर आनंदित होते थे। ये राजनीति की स्तरहीनता मध्यप्रदेश का भला नहीं करेगी।
हमने देखा रामनवमी पर भी, हनुमान जयंती पर भी हमारे मुस्लिम भाइयों ने भी कई जगहों पर पुष्पों की वर्षा की। ये सद्भाव आपको ठीक नहीं लग रहा? लेकिन आप कुछ भी कर लें मध्यप्रदेश को दंगों की आग में हम झोंकने नहीं देंगे। अमन-चैन यहां कायम रहेगा।

पागल कहने पर भड़के कमलनाथ  

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी, कुछ दिन पहले आप मेरा अंत करना चाहते थे। आज आपने मुझे पागल कहा है। पूरी दुनिया देख रही है कि मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री कैसी हरकतें कर रहा है? उसके भीतर की सारी सभ्यता, मर्यादा और संस्कार समाप्त हो चुके हैं। वह सड़क छाप गुंडों की भाषा बोल रहा है। मुझे अपने अपमान की फिक्र नहीं है।
मैं तो पिछले 44 साल से मध्य प्रदेश की जनता की सेवा कर रहा हूं और आखिरी सांस तक करता रहूंगा। लेकिन मुझे दुख इस बात का है कि मध्य प्रदेश जैसे महान राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर ऐसे कुंठित विचारों वाला व्यक्ति बैठा है। ऐसे व्यक्ति का मुख्यमंत्री होना प्रदेश की आठ करोड़ जनता का अपमान है।

शिवराज जी, आपका षड्यंत्र कामयाब नहीं होगा

कमलनाथ ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आप (शिवराज) का षड्यंत्र कामयाब नहीं होगा। शिवराज जी मध्य प्रदेश शांति का टापू था और रहेगा। आपने अपने 18 साल के कुशासन में मध्यप्रदेश की शांति भंग कर दी है। जब आप सुबह मीडिया से मुखातिब होकर मुझे गालियां दे रहे थे, तब भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर हजारों कर्मचारी आप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
आपने नौजवानों से रोजगार छीन लिया है। किसानों से उपज का सही मूल्य छीन लिया है। बहनों से उनकी सुरक्षा छीन ली है। अल्पसंख्यक, दलित और आदिवासियों से सामाजिक न्याय छीन लिया है। पिछड़ा वर्ग से कांग्रेस का दिया आरक्षण छीन लिया है। सामान्य वर्ग से विकास की संभावनाएं छीन ली हैं। आपने हर वर्ग के जीवन से सुख शांति का हरण कर लिया है। आपने 18 साल में पूरी एक पीढ़ी बर्बाद कर दी है। इतिहास आपको कभी माफ नहीं करेगा।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।