कलेक्टर सिंह ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश 

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
2 Min Read

इन्दौर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष सिंह द्वारा गुरुवार को नेहरू स्टेडियम में बनाए जा रहे मतगणना स्थल का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षात्मक दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मतगणना का कार्य स्वतंत्र व पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपादित करने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने अभ्यर्थियों तथा अभियुक्तों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेडेकर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुनीष सिंह सिकरवार तथा संयुक्त कलेक्टर प्रतुलचंद्र सिन्हा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को जिले के 85 वार्ड की मतगणना वार्डवार की जाएगी। मतदान केंद्रों की संख्या अधिक होने से कुल 97 टेबल लगाई गई है, जिसमें प्रति वार्ड एक टेबल के मान से 85 टेबल एवं जिन वार्डों में मतदान केंद्रों की संख्या 32 से अधिक है वहां एक अतिरिक्त टेबल लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बारिश की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए मतगणना बंद हॉल में संपन्न की जाएगी। काउंटिंग एजेंट की सुविधा के लिए स्टेडियम के बाहर वाले परिसर में स्क्रीन भी लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य सफल रुप से संपन्न करने के लिए एक हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार नगरीय निकायों के निर्वाचन हेतु 17 जुलाई 2022 को मतों की गणना की जाना निर्धारित किया गया है। आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र की गणना प्रातः 9 बजे से प्रारंभ की जाएगी एवं ईवीएम मशीन से गणना उसके आधे घंटे पश्चात अर्थात 9:30 बजे से प्रारंभ की जाएगी।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।