इंदौर। अक्सर अपने अलग-अलग गानों को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले प्रसिद्ध गायक यो यो हनी सिंह के गाने ‘का खा गा’ को लेकर विरोध तेज हो गया है, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैदान संभालते हुए इस गाने का पुरजोर विरोध किया है। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस गाने को बैन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तक को लेटर भी लिख दिया है। साथ ही इस गाने को जल्द से जल्द बैन करने की मांग भी उठाई गई है। वहीं लोगों से भी इस गाने का बायकाट करने की अपील की गई है।
शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल और सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया की, यो यो हनी सिंह गायक द्वारा हिंदी वर्णमाला का उपयोग कर एक गाना बनाया गया है, जिसमें वर्णमाला के शब्दों को लेकर पूरे गाने में गाली और दिवार्थी शब्दों का प्रयोग किया है। इस तरह के गाने छोटे बच्चों के दिमाग पर बुरा असर डाल रहे हैं। बच्चों में अपनी शुरुआती शिक्षा में इस तरह का हिंदी वर्णमाला का उपयोग सही शिक्षा के लिए किया जाता है, मगर महज पैसों के लिए इस तरह से उपयोग कदाचित नागवारा हैं। इस गाने पर प्रतिबंध लगाने के लिए कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर गाने को तत्काल बैन करने की मांग की है।
प्रदेश भर में गाने का विरोध करेगी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं की मानें तो फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ सिंगर हनी सिंह के गाने का विरोध पोस्टर बनाकर भी किया जा रहा है। इस पोस्टर में हनी सिंह का फोटो लगाकर गाने को बायकाट करने और बैन करने की मांग की जा रही है। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने अल्टीमेटम देते हुए, जल्द मांग पूरी न होने पर प्रदेश भर में पुरजोर विरोध की चेतावनी दी है।

