भोपाल की इंजीनियर पत्नी के साथ उसके इंजीनियर पति ने जर्मनी में मारपीट की. पति वहां IT कंपनी में काम करता है. मारपीट के अलावा पति उसे धमकाता भी है. महिला ने पति की शिकायत जर्मनी पुलिस में कर दी है. शिकायत मिलने पर पुलिस ने महिला को पति से 6 महीने अलग रहने के लिए कहा है. इस बीच महिला अपने मायके भोपाल आ गई. महिला का ससुराल इंदौर में है. इसलिए महिला ने इंदौर पुलिस को भी इसकी शिकायत की है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इंदौर पुलिस के मुताबिक, प्राची पौराणिक भोपाल के डिफेंस सिटी सीआरपीएफ कैंपस में रहती है. उसकी शादी इंदौर की एलआईजी कॉलोनी में रहने वाले रोहित दुबे के साथ 22 अप्रैल 2019 को हुई थी. दोनों आईटी कंपनी में काम करते हैं इसलिए नौकरी के लिए पुणे चले गए. इस बीच पत्नी को पता चला कि पति सिगरेट और शराब का आदी है. पुलिस ने बताया कि इस साल दोनों दीपावली पर जब घर आए तो प्राची ने इस बारे में ससुर रमन और सास रजनी दुबे से बात की. बताया जा रहा है कि इस बात के बाद ससुराल वालों ने प्राची की बात को अनसुना कर दिया और मायके से दहेज लाने को कहा.
सास-ससुर ने कहा- पति के हिसाब से रहो
इसके बाद प्राची रोहित के साथ अपने मायके आ गई. यहां कुछ दिन रुकने के बाद दोनों पुणे चले गए. मार्च 2020 में दोनों की जॉब जर्मनी में लग गई. महिला का आरोप है कि जर्मनी में रोहित उसके साथ चरित्र को लेकर मारपीट करने लगा. इस मारपीट में प्राची इतनी घायल हो गई थी कि उसे डॉक्टर को दिखाना पड़ा. इस घटना के बाद दिसंबर 2020 में प्राची भारत आ गई. वह ससुराल गई और सास-ससुर को आपबीती सुनाई. दोनों ने उसे पति के हिसाब से रहने की बात कही. प्राची कुछ महीनों बाद फिर जर्मनी चली गई.
इस बार महिला ने बुला ली पुलिस
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस साल मई में एक दिन रोहित ने शराब ज्यादा पी ली और नशे में मारपीट कर जबरदस्ती संबंध बनाने लगा. दूसरे दिन जब प्राची ने उससे इस बारे में बात की तो वह भड़क गया और ज्यादा मारपीट करने लगा. इस बार महिला ने पुलिस बुला ली. पुलिस ने पहले रोहित को 14 दिन के लिए घर छोड़ने को कहा और फिर ये समय बढ़ाकर 6 महीने कर दिया. इस साल सितंबर में प्राची अपने माता पिता के पास भोपाल आ गई. हालांकि, इसके बाद सास-ससुर उस पर रोहित के पास जाने का दबाव बनाने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे. पीड़िता ने इस बात की शिकायत भी पुलिस से कर दी.


