पुलवामा अटैक को दिग्विजय ने बताया इंटेलिजेंस चूक, सीएम शिवराज बोले- दिग्गी की बुद्धि फेल हो गई 

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
5 Min Read

कांग्रेस प्रवक्ता के के मिश्रा ने कहा, क्या सवाल पूछना देशद्रोह है
MP News in Hindi। पुलवामा हमले की बरसी पर मंगलवार को मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक ट्वीट से सियासी गलियारों में भूचाल आ गया है। दिग्गी ने ट्वीट करते हुए लिखा- आज हम उन 40 शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देते हैं, जो पुलवामा में भारी इंटेलिजेंस चूक के कारण शहीद हो गए। मुझे उम्मीद है कि सभी शहीदों के परिवारों का अच्छे से पुनर्वास किया गया है।
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के तमाम नेताओं ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा- मुझे लगता है कि दिग्विजय जी की बुद्धि फेल हो गई है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इसका जवाब देना चाहिए। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, लगता है कि किसी आईएसआई एजेंट ने ट्वीट किया है। उधर, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने दिग्विजय के ट्वीट के समर्थन में ट्वीट करते हुए कहा- पुलवामा हमले में डीएसपी देवेंद्र सिंह की भूमिका, मध्यप्रदेश में भाजपा नेता ध्रुव सक्सेना की आईएसआई जासूसी को लेकर गिरफ्तारी पर प्रश्न पूछना क्या देशद्रोह या सेना का अपमान है?
23 जनवरी को भी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिग्विजय ने सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा अटैक पर बयान देकर देश की सियासत गर्मा दी थी। जम्मू में उन्होंने कहा था- सरकार ने अब तक सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत नहीं दिया। केंद्र सरकार सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बात करती है कि हमने इतने लोग मार गिराए हैं, लेकिन सबूत कुछ नहीं है। दिग्विजय ने 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले को लेकर भी प्रधानमंत्री को घेरा था। दावा करते हुए कहा था- पुलवामा हमले के समय सीआरपीएफ अफसरों ने कहा था कि जवानों को एयरक्राफ्ट से मूवमेंट कराया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री नहीं माने।
दिग्विजय पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में मीडिया से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा- मुझे लगता है कि दिग्विजय जी की बुद्धि फेल हो गई है। ये उसका फेलियर है। वे देश की सेना का अपमान करते हैं। वे पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। सेना का मनोबल गिराने की कोशिश करते हैं। अब जांच तो दिग्विजय सिंह की होनी चाहिए। देश और सेना के खिलाफ बोलने का बीज उनके दिमाग में डालता कौन है? कांग्रेस पार्टी के डीएनए की जांच होनी चाहिए, जो भारत जोडऩे के नाम पर भारत तोडऩे वालों के साथ पदयात्रा में घूमते हैं। ये अजूबा है, एक पार्टी का नेता लगातार सेना की बहादुरी, राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठा रहा है, पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। सोनिया और राहुल गांधी को भी इसका जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस की आदत हो गई सेना पर बयान देने की
दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर मप्र के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा- दिग्विजय सिंह श्रद्धांजलि में भी तंज कस रहे हैं। ट्वीट देखकर ऐसा लग रहा है जैसे आईएसआई से किसी ने ट्वीट किया हो। भारत माता की प्राण पण से सेवा कर अपने प्राणों का बलिदान देने वालों पर तंज कसने से आप नहीं चूकते। मुझे लगता है कि कांग्रेस की आदत ही हो गई है सेना के ऊपर इस तरह के बयान देना और उनके मनोबल को तोडऩा।
जवानों के बलिदान पर राजनीति करना कांग्रेस का कैरेक्टर
मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने ट्वीट किया- वीर जवानों के बलिदान पर राजनीति करना कांग्रेस का चरित्र रहा है। मुंबई टेरर अटैक को ये आईएसआई की साजिश बोल रहे थे। राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे थे। आज देश वीर जवानों को नमन कर रहा है और ये आदतन अपना चरित्र उजागर करने में व्यस्त हैं।
क्या सवाल पूछना देशद्रोह है?
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा, पुलवामा के शहीदों को उनके बलिदान-दिवस पर सादर नमन। संसद, अक्षरधाम, कश्मीर, विधानसभा सहित आधा दर्जन आतंकी हमले कब हुए? पुलवामा हमले में डीएसपी देवेंद्र सिंह की भूमिका, मध्यप्रदेश में भाजपा नेता ध्रुव सक्सेना की आईएसआई जासूसी को लेकर गिरफ्तारी पर प्रश्न पूछना क्या देशद्रोह या सेना का अपमान है?
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।