इंदौर। शहर में रात के वक्त कुछ मनचलों ने युवतियों से छेड़छाड़ कर दी. युवक नशे की हालत में थे. उनके हाथ में नशीला पेय पदार्थ भी था. वह सड़क किनारे खड़े होकर नशा कर रहे थे.
सामने से युवतियों को आता देख मनचलों ने छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता शुरू कर दी. युवतियों ने उसका विरोध किया तो बदमाशों ने विवाद करना शुरू कर दिया.
युवतियों के भाई ने जब बदमाशों की हरकत का विरोध किया तो मनचले ने उन्हें मारपीट करनी शुरू कर दी. अंत में जान से खत्म करने की धमकी देकर भाग गए. युवतियों ने वीडियो पुलिस को सौंप कर शिकायत की है.
दरअसल युवतियों से छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार रात केस दर्ज कर लिया है. छेड़छाड़ की घटना मंगलवार रात की है. मनचलों की हरकत का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
एक प्रतियोगी परीक्षा में टॉप 10 में आने पर छात्रा अपनी बहन और इंजीनियर भाई के साथ सेलिब्रेट करने 56 दुकान पहुंची थी. लौटते वक्त गीता भवन चौराहे पर बदमाशों ने छेड़छाड़ की. आरोपी खुलेआम बियर पी रहे थे. उन्होंने लड़कियों पर कमेंट किए, जब उन्हें टोका तो गालियां देने लगे. उनके मुंह पर बियर फेंक दी.
युवतियों का भाई जब बदमाशों को रोकने लगा तो बदमाश चिल्लाकर बहनों की तरफ आगे बढ़ने लगे. तभी एक बदमाश ने बहन पर हमला करने का प्रयास किया.
उस बदमाश का हाथ पकड़कर पीछे किया. इसके बाद सभी के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. पीड़ितों का कहना है कि इस दौरान एक्टिवा सवार बदमाश भागने लगे. पीछे बैठे बदमाश ने बियर उड़ेल दी, जाते-जाते वे हमें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए.
जो बदमाश मौके से भागे थे, उनका एक साथी बुलेट पर भी सवार था. उसी ने उन बदमाशों को भगाने में मदद की थी. युवक-युवतियों ने पकड़ लिया. वह गाड़ी साइड लगाने के नाम पर गाड़ी स्टार्ट करके भाग गया.
हालांकि उसकी गाड़ी का नंबर वीडियो में आ गया है. उसकी गाड़ी पर पुलिस का स्टीकर भी लगा था. आशंका है कि वह किसी पुलिस वाले के परिवार का सदस्य हो सकता है.
हालांकि वीडियो के आधार पर युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारी का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होंगे उनके तलाश की जा रही है.
तुकोगंज थाना प्रभारी कमलेश शर्मा के मुताबिक युवतियों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है. आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

