इंदौर एजुकेशन न्यूज़ :-
1. बुधवार से कॉलेज 50 फीसदी विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ खोले जाएंगे। जिसे लेकर कॉलेजों में तैयारियां की जा चुकी है। कॉलेजों में स्टॉफ को दिशा-निर्देश देने के साथ ही कुछ कॉलेजों में सेनिटाइज भी किया जा चुका है। बुधवार को कॉलेज आने वाले छात्रों का गेट पर ही वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट चेक किया जाएगा। वहीं उन्हें माता-पिता का अनुमति पत्र भी दिखाना होगा। वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट और अनुमति पत्र होने पर ही कॉलेज में प्रवेश दिया जाएगा। अगर सर्टिफिकेट नहीं होगा तो उन छात्रों को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
2. तिलक नगर पुलिस आरोपी सतीश पुत्र उमाशंकर गोस्वामी से पूछताछ कर रही है। उसने बताया कि वह तीन से चार साल से सहर्ष इंस्टिट्यूट ऑफ IT मैनेजमेंट के नाम से कोचिंग चला रहा था। इसकी आड़ में वह फर्जीवाडे़ से जुड़ गया। सतीश ने बताया कि वह यहां खुद पढ़ाई के लिए आया था और फिर कोंचिग संस्थाओं में अच्छा रुपए दिखने के बाद यही रहने लगा। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। यहीं उसकी मुलाकात एक मित्र के माध्यम से बिहार में फर्जी मार्कशीट बनवाने वाले युवक से हुई थी, जिसके बाद वह छात्र के दस्तावेज लेने के बाद वहां से मार्कशीट कोरियर करवा देता था। TI मंजू यादव के मुताबिक जिन स्थानों से कोरियर आते थे पुलिस को वहां के लिफाफे भी मिले है। इसके साथ कुछ पते भी है जिन्हें सतीश दस्तावेज की साफ्ट कॉपी कोरियर करता था।
3. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री मनीष सिंह ने कोविड संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिला स्तरीय क्राईसस मैनजमेंट समिति की सहमति उपरान्त कोचिंग संस्थान संचालित किए जाने के संबंध में दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश अनुसार जिले की समस्त श्रेणी की कोचिंग संस्थान अधिकतम 50 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संचालित की जा सकेगी।
4. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन 2021 सत्र 4 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 44 अभ्यर्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। वहीं 18 उम्मीदवारों को पहला रैंक मिला है। यह जानकारी शिक्षा मंत्रालय की ओर से मंगलवार देर रात दी गई।
5. मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं को पुनः प्रारंभ करने के संबंध में आयोजित बैठक में दिनांक 20 सितंबर से निम्नानुसार कक्षाओं के पुनः प्रारंभ करने के संबंध में निर्णय लिया गया है’.


