Press "Enter" to skip to content

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023: पहले दिन मप्र की झोली में कई प्रोजेक्ट   

  • पीएम मोदी का सटीक नारा: मध्य प्रदेश अजब भी है गजब भी है और सजग भी 
  • देश में आईटी का अगला डेस्टिनेशन इंदौर- अदानी, गोदरेज, टाटा करेंगे निवेश
  • मुख्यमंत्री चौहान ने उद्योगों के लिये 24 घंटे में भूमि आवंटित करने का दिया आश्वासन  
  • विवादों में अधीन रही सम्मेलन की शुरुआत, व्यापारियों और मीडिया की हुई अनदेखी  
Global Investor Summit 2023 Indore प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। सभी पूरी गति से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश का सामर्थ्य और संकल्प निर्णायक भूमिका निभाएगा। आस्था अध्यात्म से लेकर पर्यटन तक और कृषि शिक्षा से लेकर दक्षता संवर्धन तक  मध्य प्रदेश अजब भी है गजब भी है और सजग भी  । विकसित भारत के निर्माण में मध्य प्रदेश की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कल ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर इन्दौर में सातवीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का वर्चुअल शुभारंभ किया। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली और सुरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी कार्यक्रम में विशिष्ठ रूप से शामिल हुए और संबोधन दिया।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूयॉर्क से वर्चुअल संबोधन दिया। प्रमुख निवेशकों ने भी मध्यप्रदेश में निवेश के संबंध में अपने विचार रखे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर भारतीय ही नहीं दुनिया की हर संस्था दुनिया का हर विशेषज्ञ भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था में चमकते सितारे की तरह देख रहा है।
हमारे मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। आगामी चार पांच वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। यह वैश्विक पटल पर भारत का दशक नहीं बल्कि भारत की शताब्दी है।

उद्योगों के लिये 24 घंटे में आवंटित करेंगे भूमि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन्दौर में हो रही यह समिट सही अर्थ में वैश्विक है। इस समिट में जहाँ दो देशों सूरीनाम और गयाना के राष्ट्रपति आये हैं वही समिट में मारीशस के वित्त मंत्री बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्री जिंबॉब्वे के खनिज मंत्री भी आए हैं।
विश्व के 33 देशों के प्रतिनिधि आए हैं। कुल 84 देशों के 431 डेलिगेट्स आए हैं। आज मध्यप्रदेश की विशेषताओं की विशेष चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए तैयार वातावरण से उद्योगपति परिचित हुए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था। जब इन्दौर के सुपर कॉरीडोर और सड़कों की चर्चा होती थी तो मैं अमेरिका से तुलना करता था। आज विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधि स्वच्छता सहित बुनियादी क्षेत्रों में हुए कार्य को देख रहें हैं। हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के लिये निरंतर कार्य हो रहा है। अब गेहूँ सहित मध्यप्रदेश के अन्य उत्पाद निर्यात हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2026 तक 5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने की बात कही है।
डालमिया भारत समूह प्रदेश में लगाएगा सीमेंट प्लांट

मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में डालमिया भारत समूह के पुनीत डालमिया ने प्रदेश में सीमेंट प्लांट लगाने तथा स्वस्थ कार्बन साइकिल विकसित करने के लिए प्रदेश के वेस्ट लैंड पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने संबंधी प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निवेश में इस प्रकार के नवाचारों का प्रदेश में स्वागत है।

मुख्यमंत्री चौहान से मिले नादिर गोदरेज

मुख्यमंत्री चौहान से भेंट में गोदरेज इण्डस्ट्री के नादिर गोदरेज ने प्रदेश में बढ़ रहे शहरीकरण को देखते हुए रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की। इसके साथ ही एग्रो केमिकल उद्योग लगाने की योजना के संबंध में जानकारी दी। गोदरेज ने कहा कि उनका समूह मालनपुर स्थित इकाई का विस्तार कर रहा है।
समूह सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में गतिविधियों को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश की लगातार बढ़ रही प्रति व्यक्ति आय से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही है।
अडानी समूह की योजना
मुख्यमंत्री चौहान से वन टू वन चर्चा में अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी ने कहा कि उनके समूह की प्रदेश में खनिज उर्जा कृषि नवकरणीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ के निवेश की योजना है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के संबंध में चर्चा के दौरान अडानी ने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है।
समूह अपनी आवश्यकताओं के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में कौशल उन्नयन की गतिविधियां संचालित करेगा। समूह का राज्य में अस्पताल स्थापित करने का भी विचार है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां लगाने की संभावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया।

मुख्यमंत्री चौहान से मिले नोएल टाटा

मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में टाटा इंटरनेशनल के नोएल टाटा ने कहा कि उनका समूह प्रदेश में गतिविधियों का विस्तार करेगा। प्रदेश में समूह अपने रिटेल आउटलेट जूडियो की संख्या भी बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश से समूह की निर्यात गतिविधियों को बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
आईटीसी ग्रुप करेगा 1500 करोड़ का निवेश प्रदेश में स्थापित होंगे 1000 एफपीओ
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने कहा कि निवेश आमंत्रित करने के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अन्य राज्य की तुलना में अधिक सक्रिय है। इंदौर में विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। संजीव पुरी ने कहा कि प्रदेश में आईटीसी द्वारा 300 एफपीओ संचालित किए जा रहे हैं।
इनका विस्तार कर 1000 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य है इसमें 1500 करोड़ का निवेश होगा। आईटीसी समूह प्रदेश में पैकेजिंग और खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने जा रहा है। पैकेजिंग इकाई इस वर्ष के अंत तक आरंभ हो जाएगी। समूह सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है।
इसके प्रसंस्करण पर आधारित इकाई भी प्रदेश में स्थापित की जाएगी। किसानों को फसल लेने बिक्री आदि के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मार्ट का भी विस्तार किया जा रहा है।

रिलायंस ग्रुप संपूर्ण प्रदेश में 5जी सुविधा का करेगा विस्तार

मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि सेवा क्षेत्र में निवेश से आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। अत: रिलायंस समूह संपूर्ण प्रदेश में तहसील स्तर तक इस वर्ष के अंत तक 5जी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। समूह द्वारा प्रदेश में 175 पेट्रोल पम्प संचालित किए जा रहे हैं इस संख्या को भी दुगुना किया जाएगा। रिलायंस समूह सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का इच्छुक है।
इसके लिए चंबल क्षेत्र में आवश्यक सर्वे व अध्ययन जारी है। समूह प्रदेश में टेक्सटाइल की संपूर्ण प्रोसेसिंग इकाईयों की स्थापना की दिशा में भी निवेश का इच्छुक है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है और उद्योगपतियों तथा निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।
ड्रग-फार्मा में निवेश
जीआईएस में एसीजी ग्रुप का सबसे बड़ा करीब 450 लोगों का ग्रुप शामिल हो रहा है। ग्रुप ने पीथमपुर में करीब 500 करोड़ निवेश करने का भरोसा दिया है। पीथमपुर में कंपनी अपना विस्तार कर अन्य देशों में कैप्सूल निर्यात करेगी। इस निवेश के साथ ही एसोसिएट ग्रुप कैप्सूल बनाने वाली एशिया की सबसे पहली कंपनी बन जाएगी। इतना ही नहीं कैप्सूल बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी अमेरिका की कैपसूजेल के बाद ये दुनिया की दूसरी बड़ी कंपनी भी बन जाएगी।

विवादों में अधीन रही सम्मेलन की शुरुआत, व्यापारियों और मीडिया की हुई अनदेखी 

प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की शुरुआत भी विवाद से हुई। प्रवासियों के बाद समिट में व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। दरअसल रतलाम, मंदसौर और नीमच से आए मालवा चैम्बर्स ऑफ के 47 प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के बाद भी मीटिंग हॉल में नहीं जाने दिया गया।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यहां बुलाकर हमें पैसे वापस करने की धमकी दे रहे हैं। 4 नंबर गेट के यहां काफी देर तक व्यापारी अंदर जाने के लिए परेशान होते रहे। अंदर प्रोग्राम शुरू हो गया और जब काफी देर तक व्यापारियों को एंट्री नहीं मिली तो वो हंगामा करने लगे।
मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरुण पोरवाल ने कहा एक सप्ताह पहले मीटिंग की थी। हमसे पैसे ले लिए।कहा समिट में बायर-सेलर मीट कराएंगे। यहां आए तो अंदर नहीं जाने दे रहे। धूप में खड़ा करके छोड़ दिया। दो दिन से कह रहे हैं एंट्री के लिए आपके पास मेल आएगा, क्यूआर कोड आएगा, पर कुछ नहीं भेजा।
सुबह 7.30 बजे से परेशान हो रहे हैं। मंदसौर, रतलाम, नीमच से 47 व्यापारी आए हैं, सभी परेशान हो रहे हैं। अब अधिकारी हमारा फोन नहीं उठा रहे, बात नहीं कर रहे। हम क्या चोर हैं। अपना काम छोड़कर अपने खर्च पर यहां आए हैं। अब हमसे कह रहे हैं रुपए वापस कर देंगे। हमारी क्या यही वैल्यू है।
यहाँ तक की मीडिया को भी गेट पर रोक दिया गया, उनकी एंट्री में भी खूब आनाकानी की गई बाद में इंदौर कलेक्टर डॉ इलैया राजा स्वयं मीडियाकर्मियों को अपने साथ अन्दर लेकर गए, जिसकी सराहना समस्त मीडिया सदस्यों के बीच हुई.
Spread the love
More from Indore NewsMore posts in Indore News »
More from National NewsMore posts in National News »