Indore News in hindi। गोमा की फैल स्थित सरकारी स्कूल में लगातार चोरी की वारदात हो रही हैं। एक दर्जन बार यहां ताले तोड़े जा चुके हैं। लगातार हो रही वारदात पर मामले की पड़ताल करने पर पता चला कि स्कूल का गेट और पास की धर्मशाला की सीढ़ी के रास्ते चोर विद्यालय भवन में घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
कई बार शिकायतों के बाद भी पुलिस यहां हो रही वारदात को गंभीरता से नहीं ले रही, न बदमाशों की धरपकड़ कर पा रही है। इसी का नतीजा है कि बदमाशों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है और वो स्कूल में लगातार चोरी कर रहे हैं, तोडफ़ोड़ कर रहे हैं, आग लगा रहे हैं।
गोमा की फैल स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-27 में एक दर्जन वारदात हो चुकी हैं। चोरों को स्कूल में आने से रोकने के लिए कई फीट ऊंची दीवार भी बनाई गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। चोर मेन गेट के ऊपर चढक़र घुसने लगे।
बदमाशों ने गेट के सरिए भी इसके लिए मोड़ दिए। उनके स्कूल में घुसने का दूसरा रास्ता पास स्थित भामी समाज की धर्मशाला बन रही है। उसका गेट कूदकर आसानी से अंदर चले जाते हैं। इसके बाद सीढिय़ों से स्कूल की पुरानी इमारत पर कूद जाते हैं।
चोरी करने के बाद माल छिपाने की जगह भी स्कूल का वही हिस्सा है। धर्मशाला की सीढिय़ों से इमारत की दूरी दो फीट के लगभग है। इससे आसानी से आरोपी आना-जाना कर लेते हैं।
जालियों पर वेल्डिंग कमजोर
स्कूल बिल्डिंग में खिड़कियों पर लगाई जाली मजबूत है, लेकिन उन पर ठीक तरीके से वेल्डिंग नहीं की गई है। इसके चलते आसानी से टूट जाती है।
उससे इतनी जगह जालियों के बीच में बच रही है कि बच्चा ही वहां से निकल सके। कोई बच्चा अंदर गया और बाहर से किसी बड़े ने उसकी मदद की।अभी दो वारदात ऐसे ही हुई हैं।

