Indore News in Hindi – आज के इंदौर समाचार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
6 Min Read

Indore News in Hindi-1

इंदौर जिले के 5 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने के लिये समयबद्ध कार्यक्रम जारी


इंदौर. राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुसार इंदौर जिले के 5 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके लिए तेजी से कार्यवाही जारी है। राज्य शासन के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा समयबद्ध कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जिले में जिन वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित किया जा रहा है, उनमें महू तहसील के तीन तथा बिचौली हप्सी और खुड़ैल के एक-एक गाँव शामिल है। वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने के लिये की जा रही तैयारियों की समीक्षा के लिये आज यहाँ कलेक्टर कार्यालय में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में वन मण्डलाधिकारी श्री नरेन्द्र पण्डवा, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मंडलोई सहित आदिम जाति कल्याण विभाग, राजस्व विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशानुसार जिले के 5 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित किया जाना है। इनमें महू तहसील के रसकुंडिया, तेलनमाल तथा उमठ, बिचौलीहप्सी का नेहरू वन ग्राम तथा खुड़ैल तहसील का नाहर झाबुआ वन ग्राम शामिल है।
बैठक में निर्देश दिये गये कि वन ग्रामों के निवासियों की संपूर्ण जानकारी, गाँव में उपलब्ध सुविधाएं, संसाधन और अधोसंरचनाओं की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में एकत्रित करें। सामुदायिक परिसंपत्तियों की जानकारी भी एकत्रित की जाये। शीघ्र ही ग्राम सभा और वन अधिकार समिति के माध्यम से प्रस्ताव तैयार करवाकर अनुमोदन कराया जाये तथा उसे जिला समिति के समक्ष प्रस्तुत करें।

Indore News in Hindi-2

छात्रों ने एग्रीकल्चर कॉलेज गेट पर लगाया ताला; जमीन अधिग्रहित करने का विरोध

 
इंदौर। इंदौर के एग्रीकल्चर कॉलेज की करीब 300 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने का को लेकर छात्रों का प्रदर्शन से जारी है। मंगलवार को गुस्साए छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के गेट पर ही ताला लगा दिया। उनका कहना है कि जब यहां कॉलेज ही नहीं रहेगा तो कोई मतलब भी नहीं रहेगा। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि हम छात्रों के हित में सरकार से यह जमीन कॉलेज के लिए हासिल करके ही रहेंगे।
छात्र नेता राधे जाट ने बताया कि करीब 40 दिनों से कॉलेज की रिसर्च क्षेत्र जमीन को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कॉलेज से कलेक्टर कार्यालय तक प्रदर्शन किया। पौधों की कावड़ यात्रा निकाली। इसके साथ ही अनिश्चितकालीन धरने पर भी बैठे और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन इस मुद्दे को लेकर ध्यान नहीं दे रहा है। मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान जहां छात्रों ने गेट बंद कर ताला लगा दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि वे इसके लिए अंत तक लड़ेंगे और सरकार के सामने नहीं झुकेंगे।

Indore News in Hindi-3

इंदौर के नेहरू पार्क में फिर चलेगी टॉय ट्रेन

भीलवाड़ा की एजेंसी को जिम्मा

इंदौर। इंदौर के नेहरू पार्क में अगले चार माह में बच्चे ‘टाय ट्रेन” में सफर कर सकेंगे। स्मार्ट सिटी कंपनी ने भीलवाड़ा (राजस्थान) की एजेंसी को इसके संचालन का जिम्मा दिया है। एजेंसी फिलहाल अलवर और भीलवाड़ा में इस तरह की ट्रेनें चला रही है। एजेंसी 60 लाख रुपये खर्च कर टाय ट्रेन तैयार करेगी।

तीन डिब्बों वाली ट्रेन का इंजन विद्युत चलित होगा। इसमें एक बार में कम से कम 36 लोग बैठ सकेंगे। यह ट्रेन नेहरू पार्क में 700 मीटर हिस्से में बच्चों को घुमाएगी। ट्रेन के लिए परिसर में स्मार्ट सिटी कंपनी ने स्टेशन तैयार किया है। टाय ट्रेन पार्क में जिस ट्रैक मार्ग से गुजरेगी, उस राह में टनल व पानी की फुहारों की दीवार भी बनाई गई है। गौरतलब है कि पिछले आठ साल से नेहरू पार्क में बच्चों की ट्रेन की सुविधा बंद है।

जल्द शुरू होगा किड्स प्ले और फूड जोन – स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा 7.96 करोड़ रुपये की लागत से नेहरू पार्क का विकास किया जा रहा है। इसमें से अभी तक 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नेहरू पार्क परिसर में सिविल कार्य किया गया है।

इस पार्क में ‘टाय ट्रेन” शुरू होने के साथ बच्चों के लिए झूले व खेलकूद गतिविधियों के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। यहां पर बनी दुकानों में में खिलौनों की दुकानों के साथ फूड जोन भी शुरू होंगे। निगम द्वारा बीओटी पर इन दुकानों को दिया जाएगा।

निगम ने जारी किए टेंडर – वर्तमान में यहां के उद्यान परिसर में पाथवे बनाने का काम किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी कंपनी पार्क में किड्स जोन व दुकानें बीओटी पर देगी। इसके लिए टेंडर भी जारी हो चुके हैं। इनके अक्टूबर तक शुरू होने की संभावना है। निगम द्वारा अगले दो माह में नेहरू पार्क में चल रहे कार्यों को पूरा करने की कवायद की जा रही है।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।