Indore Crime News. इंदौर में एक शासकीय अधिकारी के बेटे सार्थक द्वारा बुधवार रात फांसी लगा ली घटना के समय छात्र घर में अकेला था। छोटा भाई वात्सल्य आईटी की कोचिंग के लिए गया हुआ था। मां अहमदाबाद में थी और पिता जॉब पर गए थे। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त घर में मौजूद कुत्ता बहुत देर से भौंक रहा था, लेकिन पड़ोसियों का ध्यान नहीं गया।
पड़ोसियों की मानें तो घटना बुधवार देर रात 11:00 बजे के करीब की बताई जा रही है। जब कॉलोनी के अंदर एंबुलेंस और पुलिस के सायरन की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास में रहने वाले लोगों ने घर से बाहर जाकर, तो सार्थक के घर के बाहर भीड़ थी। कुछ देर बाद पता लगा कि सार्थक ने घर के पीछे बनी बालकनी में फांसी लगा ली है।
रहवासियों ने बताया कि 2 साल पूर्व विजित कुमार अपने परिवार के साथ एनवीडीए कॉलोनी में रहने आए थे। परिवार आसपास वालों से अधिक बातें नहीं किया करता था। वहीं, दोनों भाई सिर्फ पढ़ाई में ही लगे रहते थे। पुलिस ने बताया कि नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के सरकारी आवास में रहने वाले अपर संचालक विजित कुमार विजयवत के बेटे सार्थक ने फांसी लगा ली। सार्थक खडग़पुर से आईआईटी कर रहा था। कुछ दिनों पहले ही इंदौर आया था।
उसने सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें सबसे अंत में आई क्विट ( I Quit) तो पहले और अंदर कई बातें लिखी हैं। उसने लिखा है कि उसने कई उम्मीदों से जेईई की तैयारी की थी। सोचा था कैम्पस एंजाय करूंगा, लेकिन ऑनलाइन असाइनमेंट के चक्कर में फंस गया। उसने लिखा कि पापा जिद्दी हैं और मम्मी मजबूर… उन्हें मुझसे और छोटे भाई वात्सल्य के साथ भी ऐसी बात करनी चाहिए थी, जैसी बात वे अपने भाई और बहनों के साथ करते हो। सार्थक ने पिता के बारे में लिखा है कि काश! आप हमारे साथ और भी समय बिताते। देवेंद्र काका जैसी समझ आपमें होती। हालांकि सार्थक ने किसी पर आरोप नहीं लगाए हैं और ना ही किसी को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। बताया जाता है कि कैम्पस सिलेक्शन को लेकर भी वह डिप्रेशन में बताया जा रहा था। वह इंदौर में अपने परिवार के साथ ही रहना चाहता था, लेकिन पढ़ाई के चलते उसे बाहर जाना पड़ा। उसकी मौत का कारण जहां अकेलापन रहा। वहीं, पढ़ाई को लेकर पिता का दबाव भी नजर आया।


