Indore Top News Today – इंदौर हिंदी समाचार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
5 Min Read

Indore News in Hindi-1

रामबाग सांई मंदिर की प्रभातफेरी का घर-घर रंगोली एवं दीप सज्जा के साथ होगा स्वागत 

इन्दौर। केन्द्रीय सांई सेवा समिति के सहयोग से रामबाग पेट्रोल पंप के सामने स्थित सांई मंदिर से जुड़े भक्तों द्वारा इस वर्ष भी बाबा की प्रभात फेरी रविवार 5 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक निकाली जाएगी। इस दौरान समूचे रामबाग, मार्तंड चौक, कमाठीपुरा, इमली बाजार, पीरगली, भोई मोहल्ला एवं आसपास के क्षेत्रों में घर-घर रंगोली एवं दीप सज्जा की जाएगी।
आयोजन समिति के प्रदीप यादव, सचिन गौड़ एवं आनंद गौड़ ने बताया कि प्रभातफेरी रामबाग सांई मंदिर से प्रारंभ होकर 15 नंबर स्कूल सुभाष मार्ग मेनरोड, रामबाग चौराहा, मार्तंड चौक, नार्थ एवं साउथ कमाठीपुरा, इमली बाजार, भोई मोहल्ला से भालेकरीपुरा माता मंदिर तक पहुंचेगी, जहां महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा। इस दौरान क्षेत्र के सभी घरों में रंगोली एवं दीप सज्जा तथा प्रभातफेरी में बाबा की पालकी पर पुष्प वर्षा की जाएगी। आज प्रभातफेरी का पहला न्यौता रामबाग सांई मंदिर में बाबाश्री को समर्पित किया गया तथा प्रभात फेरी की प्रचार सामग्री का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रदीप यादव के साथ अक्षय गौड़, प्रतीक इथापे, निखिल गौड़, भी मौजूद थे।

Indore News in Hindi-2

पीपल्याहाना क्षेत्र के नंदगांव में रविवार को मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन 

इन्दौर। पीपल्याहाना क्षेत्र के नंदगांव में भागीरथ रामविलास राठी पारमार्थिक न्यास की ओर से स्थापित निःशुल्क ओपीडी में पिछले एक माह में करीब 600 मरीजों ने अपना परीक्षण एवं उपचार कराया। इनमें अनेक मरीज ऐसे भी थे, जिन्हें दवाइयों में 15 प्रतिशत तक की छूट दिलवाई गई। इसी तरह विभिन्न पैथालॉजी जांच में भी 70 प्रतिशत तक की रियायत दिलवाई गई।
ट्रस्ट के प्रमुख रामविलास राठी ने बताया कि रविवार 5 जून को सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद जांच, परीक्षण एवं रियायती दरों पर ऑपरेशन के लिए शिविर का आयोजन होगा। शिविर में चयनित मरीजों के ऑपरेशन महेश जयंती के उपलक्ष्य में मात्र दो हजार रुपए के शुल्क पर शहर के प्रख्यात नेत्र चिकित्सालय में कराए जाएंगे।  इस शिविर में डॉ. सुधीर मौर्य, डॉ. शिवानी मौर्य, डॉ. अशोक दुबे, डॉ. आर.जी. देशमुख सहित अनेक प्रख्यात चिकित्सक और उनके सहयोगी अपनी सेवाएं देगें। गीता भवन ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल में भी सभी प्रकार की खून, पेशाब की जांच तथा एक्सरे में भी पहले से चल रही छूट के अलावा 10 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है।

Indore News in Hindi-3

काव्या, संजना, शुभम व हरेन्द्र को पिकलबॉल ख‍िताब 

इन्दौर। इन्दौर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में ज़िला प्रशासन, म.प्र. ओलंपिक संघ एवं नगर निगम इन्दौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खुली पिकलबॉल स्पर्धा में काव्या जांगिड़ ने अंडर-19 महिला, शुभम चहर ने अंडर-19 पुरूष वर्ग के ख‍िताब जीते। 19 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में महिलाओं का ख‍िताब संजना काला व पुरूषों का ख‍िताब हरेन्द्र डांगी ने अपने नाम किया।
अंडर 19 महिला वर्ग के फ़ाइनल में काव्या जांगिड ने इशिका पटिदर को हराकर ख‍िताब जीता। वहीं महिला 19+ में संजना काला ने शुभी व्यास को हराकर श‍िकस्त दी। पुरूष वर्ग में अंडर-19 वर्ग में शुभम चहर ने एकांश चौहान को हराकर और 19+ में हरेन्द्र डांगी ने आशुतोष मेहता को हराकर ख़िताबी सफलता अर्जित की। म.प्र. पिकलबॉल संघ के सचिव बलवंत सालुंके ने बताया की विजेता-उपविजेता खिलाड़ियों को प्रशासन द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया।

Indore News in Hindi-4

पंचायत चुनाव : मतपत्रों के रंग निर्धारित 

इन्दौर। आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया है कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतपत्रों के रंग निर्धारित हैं। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। गौरतलब है कि पंचायत निर्वाचन-2022 मतपत्र और मतपेटी के द्वारा करवाया जाएगा।

Indore News in Hindi-5

इन्दौर जिले में पंचायत निर्वाचन के लिये दूसरे दिन 37 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए

इन्दौर। इन्दौर जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के नामांकन पत्र जमा करने के दूसरे दिन आज विभिन्न पदों के लिये 37 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। इनमे से 14 नामांकन पत्र सरपंच पद के लिये तथा 23 नामांकन पत्र पंच पदों के लिये जमा किये गये।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।